: सिटी की नई अनाज मंडी में धान की बोरियां ढोते हुए श्रमिक। संवाद
अंबाला सिटी। मंडियों में अब धान की आवक तो कम हो गई है लेकिन उठान की रफ्तार अभी तक धीमी ही दिखाई पड़ रही है। जिलेभर की अनाज मंडियों में अब धान के ढेर की जगह बोरियों ने ले ली हैं। धान से भरी हुई लाखों बोरियां उठान का इंतजार कर रही हैं। जिला अंबाला में अभी तक 58 लाख क्विंटल धान की आवक हो चुकी है। जबकि उठान का आंकड़ा देखें ताे इतने समय बाद भी 54 लाख क्विंटल धान की उठान हुई है। अभी भी मंडियों में तीन लाख क्विंटल धान की उठान बाकी है। बीते कुछ दिनों में खरीद का कार्य भी घट गया है।
एक सप्ताह में उठान की दर
जिले भर की मंडियों में बीते एक सप्ताह से उठान की दर दो प्रतिशत से कम ही रही। एक नवंबर को उठान तीन नवंबर को 88.12 प्रतिशत, चार नवंबर को 88.27 प्रतिशत , पांच नवंबर को 89.59 प्रतिशत, छह नवंबर को 90.55 प्रतिशत, सात नवंबर को 92.61प्रतिशत, आठ नवंबर को 93.87 प्रतिशत और नौ नवंबर तक 94.64 प्रतिशत उठान हुई। मंडियों में अभी तक सबसे अधिक उठान 95 प्रतिशत खाद्य आपूर्ति विभाग ने की है। वहीं सबसे कम हैफेड ने 93 प्रतिशत उठान पूरा किया है।
अब तक इन मंडियों से इतना हुआ उठान
अंबाला छावनी से 367450 क्विंटल, अंबाला सिटी से 1353370 क्विंटल, नन्यौला मंडी से 150930 क्विंटल धान, साहा मंडी से 552100 क्विंटल, मुलाना मंडी से 595100 क्विंटल, बराड़ा मंडी से 707160 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। वहीं, तलहेड़ी मंडी से 254310 क्विंटल, केसरी मंडी से 91120 क्विंटल, उगाला मंडी से 102800 क्विंटल, सरदेहड़ी मंडी से 173800 क्विंटल, भरेड़ीकलां से 97190 क्विंटल, नारायणगढ़ मंडी से 603580 क्विंटल, शहजादपुर मंडी से 287340 क्विंटल , कड़ासन मंडी से174000 क्विंटल, बेरखेडी मंडी 73660 क्विंटल धान की उठान हो चुकी है।