अंबाला सिटी। पिछले कई दिनाें इंटरनेट बंद होने के कारण जहां व्यापारी वर्ग को परेशानी का सामना करना पड़ रहा, वहीं इसकी मार सरकारी राशन लेने वालों पर भी पड़ रही है। इंटरनेट बंद होने के कारण डिपो संचालक राशन वितरण नहीं कर पा रहे है। संचालकों का कहना है कि उनके पास राशन भी पर्याप्त मात्रा में है, लेकिन इंटरनेट न होने के कारण मशीनें काम नहीं कर पा रही हैं। जिले भर के 300 से अधिक डिपो होल्डर्स में से सिर्फ पांच प्रतिशत ही अपने स्तर पर इंटरनेट का जुगाड़ कर पा रहे हैं। इसके अलावा किसी भी डिपो होल्डर के पास इंटरनेट नहीं है, जिसके कारण राशन वितरण का कार्य रुका हुआ है।
जिले में इंटरनेट बंद होने से जहां ऑनलाइन लेनदेन का कार्य ठप पड़ा है, वहां डिपो होल्डर्स और राशन कार्ड धारकों की भी परेशानी बढ़ गई है। विभाग ने डिपो होल्डर्स को पर्याप्त मात्रा में राशन भिजवा दिया है, लेकिन वितरण नहीं हो पा रहा है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि स्थिति सामान्य होने तक लोगों को इंतजार करना होगा। यदि राशन वितरण में देरी होती है तो वितरण की समय सीमा को भी बढ़ाया जाएगा।
मोबाइल इंटरनेट बंद होने के चलते कुछ डिपो संचालक ऐसे भी हैं जो अपने स्तर पर इंटरनेट का इंतजाम कर लोगों को राशन दे रहे हैं। अंबाला शहर के जैन कॉलेज रोड स्थित डिपो होल्डर राजकुमार ने बताया कि उनके पास राशन पूरी मात्रा में है। वे पड़ोस की दुकान में लगे वाई फाई कनेक्शन से इंटरनेट की तार लगाकर काम चला रहे हैं और राशन वितरण कर रहे हैं। ऐसे ही नदी मोहल्ला में डिपो होल्डर वंदना का कहना है कि वह भी अपने स्तर पर वाई फाई इंटरनेट की तार का उपयोग कर राशन वितरण कर रही हैं।
पिछले महीने भी हुई थी मुश्किल
रविदास माजरी की रहने वाली सोनिया ने बताया कि उनके यहां पर डिपो पिछले कई दिनों से नहीं खुला है और अब इंटरनेट बंद हो गया है। इसके कारण उन्हें मजबूरी में बाहर से महंगी दरों पर राशन लाना पड़ रहा है।
दूसरे राशन डिपो संचालक नहीं दे रहे राशन
रविदास माजरी की ही रहने वाली ज्योति ने बताया कि राशन न मिलने के चलते उन्होंने दूसरे दूर के राशन डिपो का भी रुख किया, लेकिन फिर भी उन्हें राशन नहीं मिल पा रहा है। डिपो होल्डर्स उन्हें कहते है कि उनके पास सीमित लोगों के लिए ही राशन है।
किसान आंदोलन के चलते इंटरनेट की सेवा पिछले कई दिनों से बंद पड़ी है, लेकिन सभी डिपो पर राशन भिजवाया जा रहा है। फिलहाल बाजरे की आपूर्ति में थोड़ी परेशानी आई है। इसका भी हल किया जा रहा है। यदि स्थितियां सामान्य होने में समय लगेगा तो विभाग द्वारा राशन वितरण की समय सीमा को बढ़ा दिया जाएगा।
अपार तिवारी, डीएफसी, अंबाला