बिजली विभाग की ओर से भले ही घरों में लगे बिजली के मीटरों को बाहर कर बिजली चोरी रोकने का प्रयास किया जा रहा है। ये प्रयास इन दिनों आम जनता के परेशानी का कारण बने हुए है। आलम यह है कि बाहर लगे बिजली के मीटरों को देर रात चोर निशाना बना रहे हैं और मीटर का बाक्स खोलकर अंदर लगे मीटर को ले जाते है। जिसके बाद सुबह होने पर ही पीड़ित को मीटर चोरी होने का खुलासा होता है।
यह खुलासा अंबाला कैंट के आजाद नगर व अर्जुन नगर में गत दिवस एक घर से बाहर लगा मीटर चोरी होने पर लगा। इलाकावासियों के अनुसार सबंधित एरिया में पहले भी मीटर चोरी की कई वारदातें सामने आ चुकी है। पंरतु इलाका पुलिस व संबंधित बिजली विभाग की ओर से कोई कदम नहीं उठाएं जा रहे है। जिससे आस पास के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
इस तरह करते है मीटर चोरी
दरअसल, ये मीटर चोर बड़े ही शातिराना अंदाज में वारदात को अंजाम देता है। पहले तो ये सबंधित एरिया में चक्कर काटते है और उसके बाद मीटर की मेन तार काट देते है। ऐसे में घर की लाइट या तो इनवर्टर पर चली जाती है और या फिर परिवार को लगता है लाइट चली गई। जिसके बाद ये चोर आसानी से बिजली का बॉक्स खोलकर मीटर बाहर निकालते है और लेकर फरार हो जाते है।
पहला मामला
अर्जुन नगर निवासी प्रीतम सिंह ने बताया कि गत दिवस वह अपने घर पर परिवार के साथ सो रहे थे कि अचानक देर रात को लाइट चली गई थी। जिसके बाद जब अगले दिन वह बिजली न आने की समस्या के चलते मीटर चेकिंग के लिए पहुंची तो उनके होश उड़ गए। घर के बाहर लगे बिजली के मीटर बॉक्स से मीटर गायब था। इस संबंध में तुरंत इलाका पुलिस को सूचित किया और बिजली विभाग से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी।
दूसरा मामला
आजाद नगर निवासी संदीप ने बताया कि गत दिवस उनके घर के बाहर देररात अज्ञात युवकों ने बिजली के मीटर से छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। अचानक किसी चीज के जमीन पर गिरने से वह घबरा गए और मौके से फरार हो गए। ऐसे में जब सुबह बाहर निकले तो पूरे मामले का पता चला और इसकी शिकायत इलाका पुलिस को दी।
तीसरा मामला
आजाद नगर निवासी रोशनी देवी व पप्पू ने बताया कि उनकी साइंस की फैक्ट्ररी है और गत माह अपने फैक्ट्री का ताला लगाकर घर गए थे और वापस लौटे तो देखा फैक्ट्री के बाहर लगा मीटर बॉक्स टूटा हुआ था और अंदर से मीटर भी गायब हो चुका है। जब आस पास के लोगों से इस संबंध में पूछा तो पता चला कि करीबन पांच से बिजली के मीटर गायब हो चुके थे और पीड़ितों ने तुरंत इलाका पुलिस को सूचित कर मामले की जानकारी दी थी।
---
संबंधित एरिया में पुलिस के मुलाजिम गश्त कर रही है और मीटर चोरी की वारदात को रोकने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही ऐसे आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
-कंवलजीत, थाना प्रभारी, महेश नगर