मुलाना। सोमवार को मौजगढ़ में डंपर से एक्टिवा सवार तीन नाबालिग बच्चों की मौत से गुस्साए मुलानावासियों ने मंगलवार को झाड़ू माजरा मुलाना रोड पर एकत्रित होकर प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष व्यक्त किया।
मुलानावासियों ने ग्राम सरपंच प्रवीन कुमार और बराड़ा ब्लॉक समिति अध्यक्ष रवि शेर की उपस्थिति में एकत्रित होकर डंपरों को पूर्ण रूप से बंद करने की मांग उठाई और कहा कि वे मुलाना से एक भी डंपर नहीं गुजरने देंगे। इसके लिए चाहे उन्हें किसी हद तक जाना पड़े। गांव से डंपर बंद करने की मांग पर सभी ग्रामीण एक नजर आए, उनकी मांग है कि इन डंपरों का मुलाना से मार्ग बदला जाए।
मुलाना ग्रामीण संजय चानना, लीला राणा, काला कश्यप, बिंदर गिरी, मदन आनंद, राजू, विशाल वालिया आदि ने बताया कि मुलाना-झाडुमाजरा रोड से दिन में सैकडों डंपर निकलते हैं। इससे हर रोज हादसे होते रहते हैं। लेकिन प्रशासन मौजगढ़ में डंपर से मरे तीन बच्चों जैसे बड़े हादसे के इंतजार में है लेकिन ग्रामीण ऐसा हरगिज नहीं होने देंगे। उन्होंने बताया कि शिकायतें देने के बावजूद भी इन डंपरों पर प्रशासन ने कोई लगाम नहीं लगाई है। मुलाना से बेलगाम तेज रफ्तार व नियमों की अवहेलना करते हुए डंपर दौड़ रहे हैं। इसके चलते सभी ग्रामीणों ने एकमत होकर मुलाना से किसी भी डंपर न गुजरने की मांग की है। अब यहां से गुजरने वाले हर डंपर को ग्रामीण स्वयं रोकेंगे। ग्रामीणों की ओर से प्रदर्शन करने और डंपर रोके जाने की भनक डंपर चालकों को लग गई। इसके चलते मंगलवार को मुलाना-झाड़ू माजरा रोड से कोई डंपर गुजरता नहीं दिखाई दिया। ग्रामीण एकत्रित होकर सड़क किनारे खड़े रहे।
वर्जन
गांव से कई डंपर गुजर रहे हैं। करीब एक साल पहले कुछ शर्तों पर इन्हें यहां गुजरने दिया जा रहा था लेकिन ये अब किसी शर्त की पालना नहीं कर रहे हैं। इसके चलते ग्रामीणों की मांग के चलते ग्राम पंचायत मुलाना द्वारा भी एक रेगुलेशन डालकर प्रशासन से डंपरों का रूट बदलने की मांग की है।
प्रवीन कुमार, मुलाना सरपंच।
वर्जन
डंपर मुलाना के रिहायशी क्षेत्र से गुजरते हैं। इस पर ग्रामीणों को भी भारी आपत्ति है। इनका मुलाना से मार्ग बदला जाना चाहिए।
रवि शेर, चेयरमैन, ब्लॉक समिति, बराड़ा।