संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। इंडस्ट्री एरिया से पानी निकासी के लिए स्थानीय कॉलोनियों को निशाना बनाया जा रहा है। इस कारण इंडस्ट्री एरिया का पानी अब कॉलोनियों में मार करने लगा है जोकि पहले से ही जलभराव की समस्या से जूझ रही हैं। ऐसे में लोगों का गुस्सा उस समय भड़क गया, जब स्थानीय पार्षद और उपमंडल अधिकारी के बीच विवाद हो गया।
यह विवाद मामला दर्ज करवाने को लेकर भड़का था। इसे लेकर स्थानीय निवासियों ने रविवार शाम लगभग आठ बजे अंबाला-जगाधरी हाईवे जाम कर दिया। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया।
ऐसे हुआ विवाद : इंडस्ट्री एरिया को बचाने की कवायद में वार्ड 11 और 12 को बलि का बकरा बनाया जा रहा था। यह क्षेत्र पहले से ही बरसाती पानी और टांगरी नदी में आए पानी की मार झेल रहा है लेकिन इंडस्ट्री एरिया को पानी की मार से बचाने के लिए पानी को रिहायशी क्षेत्र में भेजा जा रहा था। इस पर जब वार्ड 12 के पार्षद सतीश कुमार ने आपत्ति जताई तो उन्हें उपमंडल अधिकारी की तरफ से सरकारी काम में बाधा पहुंचाने को लेकर मुकदमा दर्ज करवाने की चेतावनी दे दी गई, जैसे ही इसकी जानकारी कॉलोनियों के लोगों को लगी तो उन्होंने रोष स्वरूप अंबाला-जगाधरी हाईवे जाम कर दिया। पानी की पाइप फटने से हुआ हंगामा : दरअसल इंडस्ट्री एरिया से और स्थानीय कॉलोनियों से पानी की निकासी के लिए प्लास्टिक के पाइप लगाए गए थे, इसकी सुरक्षा के लिए स्थानीय लोगों को तैनात किया गया, लेकिन ट्रैक्टर के गुजरने से पाइप क्षतिग्रस्त हो गए। इस संबंध में पहले ही वार्ड पार्षद सतीश कुमार ने उपमंडल अधिकारी को जानकारी दी थी, लेकिन उन्होंने जब मामला दर्ज करवाने की बात कही तो विवाद बढ़ गया।