संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। पिछले कई दिनों से लोगों को गैस सिलिंडर न मिलने के कारण परेशानी हो रही है। एजेंसियां अपने स्तर पर लोगों की समस्या को सुलझाने में लगी हैं। पिछले कई 15 दिनों से बुकिंग करवाने के कई दिनों तक डिलीवरी नहीं मिल रही है। पहले बुकिंग के तीन दिन के भीतर ही सिलिंडर ग्राहकों को मिल जाता था।
एजेंसी की ओर से ग्राहकों को रसीद देकर खुद सिलिंडर ले जाने की हिदायत दी जा रही है। एजेंसी संचालकों का कहना है कि बीते दिनों हुई ट्रक चालकों की हड़ताल के कारण बुकिंग ओवरलोड हो गई है। इससे सारी व्यवस्था बिगड़ गई है। वहीं उपभोक्ताओं को जब एक सिलिंडर नहीं मिलता तो वह अगले दिन दूसरा सिलिंडर बुक करवा रहें हैं, जिसके चलते बुकिंग का बोझ और अधिक बढ़ गया है। सर्दियों में गैस सिलिंडरों की मांग भी अधिक रहती है। एजेंसी संचालकों का कहना है कि 15 फरवरी तक स्थिति में नियंत्रित हो जाएगी।
अंबाला शहर में एचपी गैस एजेंसी के पास रोजाना 300 से अधिक सिलिंडरों की बुकिंग आ रही है। एजेंसी को 1500 सिलिंडरों की बुकिंग देना अभी बाकी है। भारत गैस एजेंसी के पास अंबाला शहर में रोजाना 500 सिलिंडर बुक हो रहे हैं। एजेंसी को 1500 सिलिंडरों की बुकिंग देना बाकी है। इंडेन गैस एजेंसी के पास अंबाला शहर में रोजाना करीब 400 सिलिंडर बुक हो रहे हैं। एजेंसी को 2000 सिलिंडरों की डिलीवरी देनी अभी बाकी है।
सिलिंडर 10 दिन से नहीं आया
अंबाला शहर के रहने वाले विजय का कहना है कि उसने पिछले 10 दिनों से अपना सिलिंडर बुक करवा रखा है। लेकिन अभी तक उसके घर पर सिलिंडर नहीं आया है। इससे उसे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सिलिंडर लेने गई थी गोदाम
शहर की शॉलीमार कॉलोनी में रहने वाली कृष्णा देवी ने बताया कि वह बुधवार को अपने बेटे के साथ ई रिक्शा में सिलिंडर लेने के लिए गई थी। लेकिन जब वह पर्ची कटवाकर गोदाम में पहुंची तो उसे खाली हाथ ही लौटना पड़ा।