आनलाइन फीस पयेमेंट जमा करती हुई छात्रा
- फोटो : AMBALA
दो दिन से कॉलेजों में दाखिले के लिए फीस जमा करवाने के परेशान हो रहे विद्यार्थियों को शुक्रवार को राहत मिली। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने आदेश पर विद्यार्थी अब बैंक में नकद फीस जमा करवा सकेंगे। शिक्षा निदेशालय ने प्रथम वर्ष में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के लिए एचडीएफसी बैंक में फीस जमा कराने का निर्देश दिया था। बैंक में फीस जमा करवाने पहुंचे विद्यार्थियों से बैंककर्मियों ने चेक देने या बैंक में अकाउंट खुलवाने पर ही फीस जमा करने की बात कही थी। शुक्रवार को बैंक में नकद फीस जमा करवाने से विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली है।
बता दें कि कॉलेजों में दाखिला चल रहा है। वीरवार को सभी कालेजों के विद्यार्थियों को फीस जमा कराने में परेशानी आई। इस दौरान पता चला था कि उच्चतर शिक्षा निदेशालय व एचडीएफससी बैंक का करार हुआ कि विद्यार्थी इसी बैंक में फीस जमा कर सकेंगे। वहीं वीरवार को जब विद्यार्थी एचडीएफसी बैंक में गए तो उन्हें चेक द्वारा या अकाउंट खुलवाने पर ही फीस जमा करने के लिए कहा गया। नकदी व डेबिट कार्ड द्वारा फीस जमा करने के लिए मना कर दिया गया। हालांकि शुक्रवार को विद्यार्थियों को हो रही परेशानी को देखते हुए विभाग को अपना फैसला बदलना पड़ा और एचडीएफसी बैंक में ही नकद फीस जमा करने का आदेश देना पड़ा। बैंक के ब्रांच मैनेजर सुखदीप ने बताया कि विद्यार्थियों को हो रही परेशानी को देखते हुए अब बैंक में ही नकद फीस जमा की जा रही है।
शहजादपुर में बीएससी नॉन मेडिकल की कक्षा शुरू
शहजादपुर। राजकीय महिला महाविद्यालय शहजादपुर में इस वर्ष उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा बीएससी नॉन मेडिकल की कक्षाओं को शुरू किया गया है। कॉलेज की प्रिंसिपल रजनी भल्ला ने बताया कि इस संदर्भ में महाविद्यालय में छात्राएं प्रवेश लेने के लिए आ रही हैं। बीएससी नॉन मेडिकल में छात्राओं को फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथमेटिक्स और इंग्लिश पढ़ाई जाएगी, जिसके लिए उच्चतर शिक्षा विभाग फिजिक्स में डॉ. प्रियंका, केमिस्ट्री में इकबाल सिंह और मैथमेटिक्स में आरती सैनी को राजकीय महाविद्यालय अंबाला कैंट और राजकीय महाविद्यालय नारायणगढ़ से नियुक्त किया गया है। नए शिक्षकों के आने से महाविद्यालय में प्रवेश लेने की छात्राओं की भावना को प्रोत्साहन मिला है। इस कॉलेज की उन्नति से इस क्षेत्र की छात्राओं का भविष्य जुड़ा है। कुछ ही दिनों में यह महाविद्यालय अपने नए भवन में स्थापित होने जा रहा है। वर्तमान में दाखिला प्रक्रिया राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शहजादपुर में चल रही है।