अंबाला। छावनी स्थित पटवारखाना मंगलवार को लगातार तीन घंटे बंद रहा, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पहले से ही 13,989 इंतकाल लंबित पड़े हैं, ऐसे में पटवारखाने के बंद रहने से लोगों की समस्याएं और बढ़ गई हैं। उपमंडल भवन स्थित पटवारखाना सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक बंद रहा।
कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताले लटके हुए थे। बाहर बड़ी संख्या में लोग अपने कामों के लिए इंतजार कर रहे थे। दूर-दराज से आए लोग इंतकाल दर्ज कराने, जाति सत्यापन और निवास प्रमाण पत्र बनवाने आए थे। जमीन की फर्द निकलवाने जैसे जरूरी काम भी नहीं हो पाए। छावनी तहसील में कुल दस पटवारी तैनात हैं। इसके बावजूद तीन घंटे तक कोई भी पटवारी मौके पर मौजूद नहीं था। लोगों को बिना काम करवाए ही लौटना पड़ा।
पटवारखाना बंद होने से कई लोग अपने जरूरी काम नहीं करवा पाए। इंतकाल दर्ज कराने के लिए आए लोगों को निराश लौटना पड़ा। जाति और निवास प्रमाणपत्र के लिए भी लोग भटकते रहे। जमीन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण कार्य भी ठप रहे। वहां काम के लिए आए लोगों के अनुसार, एक कर्मचारी ने बताया कि 17 सितंबर को सीएम का कार्यक्रम है, इस कारण कुछ पटवारी वहां गए हैं, वहीं कुछ कोर्ट में गए हुए हैं।
फोटो: 15
एक घंटा इंतजार कर लौटे
धन्यौडा निवासी लज्जा राम ने बताया कि उन्हें अपनी जाति सत्यापन करानी थी इसके लिए वह पटवारखाने आए तो यहां पटवारी नहीं मिले एक घंटा इंतजार करने के बाद वह लौट गए।
-
फोटो: 16
लटक रहे ताले
पूजा विहार निवासी वीके पांडे ने बताया कि उन्हें जमाबंदी लेनी थी इसके लिए वह पटवारखाने आए तो देखा कि यहां पर ताले लटक रहे हैं और लोग इंतजार कर रहे हैं वह भी इंतजार करने लगे।
फोटो: 17
एक घंटे से कर रहे इंतजार
धनकौर निवासी फौजा सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी जमीन का इंतकाल लेना था लेकिन यहां पर कोई नही है वह एक घंटे से इंतजार कर रहे हैं।
फोटो: 18
तीन साल से हो रहे परेशान
माता धनकौर निवासी धर्मपाल ने बताया कि उन्हाेंने इंतकाल लेना था और वह पिछले तीन साल से परेशान हो रहे है और कई चक्कर काट चुके हैं, लेकिन आज तक इंतकाल नहीं मिला।
-
फोटो: 19
दो घंटे तक करते रहे इंतजार
मोहडा निवासी बलजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने इंतकाल लेना था लेकिन पटवारी गायब है वह दो घंटे से इंतजार कर रहे हैं वह सुबह नौ बजे आए थे।
फोटो: 20
दो साल से नहीं ठीक हुआ नाम
करधान निवासी अजैब सिंह ने बताया कि जमाबंदी में उनका नाम अंग्रेज सिंह पढ़ा हुआ है जोकि गलत है वह पिछले दो साल से नाम ठीक करवाने के लिए परेशान हो रहे है लेकिन जमाबंदी में उनका नाम ठीक नहीं हो रहा है।
फोटो: 21
तीन सप्ताह से हो रहे परेशान
बब्याल निवासी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उन्होंने इंतकाल में नाम दर्ज करवाना था वह पिछले तीन सप्ताह से पटवारियों के पास आ रहे और परेशान हो रहे हैं। आज भी वह आए तो पटवारी नहीं मिले।