अंबाला सिटी के जिला पटवारखाने के बाहर धरना प्रदर्शन करते एसोसिएशन के सदस्य। संगठन
अंबाला सिटी। तीन जनवरी से हड़ताल पर बैठे द रिवेन्यू पटवार और कानूनगो एसोसिएशन के सदस्यों ने अपने वेतनमान से संबंधित मुख्य मांगों के लिए शुक्रवार जिला पटवारखाने के बाहर प्रदर्शन कर सरकार विरोधी नारेबाजी की।
हड़ताल के चलते शुक्रवार को जिले में 35 रजिस्ट्रियां ही हुई। अंबाला छावनी में 12 रजिस्ट्रियां, शहजादपुर में भी 12 व अंबाला सिटी में 11 रजिस्ट्रियां हुई हैं, जोकि प्रतिदिन की संख्या में काफी कम हैं। बता दें कि जिला के सभी पटवारी व उनको समर्थन कर रहे कानूनगो ने सरकार द्वारा की गई वायदा खिलाफी के चलते करीब एक महीने से सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, मगर प्रदेश सरकार ने उनकी मांगों पर कोई संज्ञान नहीं लिया। जिसको लेकर पटवारी निरंतर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
जिला की सभी तहसीलों में पटवारियों से संबंधित कामकाज पूरी तरह से प्रभावित हो रहे हैं। हालांकि इस मौके पर पटवारी एसोसिएशन के प्रधान राजेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को संगठन के प्रदेशाध्यक्ष जयवीर चहल ने डीएलआर व राजस्व सचिव से एक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पटवारियों के वेतनमान विसंगतियों को दूर करने पर चर्चा की गई है, जहां पर उन्होंने बताया कि पटवारी के वेतनमान संबंधित समस्या का पूरा मामला मुख्यमंत्री मनोहर लाल के संज्ञान में लाया जा चुका है। इस पर जैसे ही कोई निर्णय आएगा। पटवारी संगठन को बता दिया जाएगा। इस मौके पर जिले के सभी पटवारी व कानूनगो पटवारखाने के बाहर धरना स्थल पर मौजूद रहे।