अंबाला सिटी। जिले में शुक्रवार को 14 परीक्षा केंद्रों पर बुनियाद कार्यक्रम में विद्यार्थियों के चयन के लिए खंड स्तरीय परीक्षा कराई जाएगी। इस परीक्षा के लिए जिलेभर से 4117 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। परीक्षा सुबह 11.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक करवाई गई।
परीक्षा के लिए संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों, जिला गणित विशेषज्ञ सुशील अरोड़ा ने निरीक्षण किया। खंड स्तर पर उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थी जिला स्तर की परीक्षा देंगे। इसके बाद ओरिएंटेशन कार्यक्रम होगा। उसमें चयन के बाद विद्यार्थियों को राजकीय स्कूलों में बनाए गए बुनियाद केंद्रों पर दाखिला दिया जाएगा। बता दें कि यह परीक्षा आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने दी। परीक्षा में 50 प्रश्न पूछे गए। प्रत्येक प्रश्न चार अंक का रहा। प्रत्येक गलत उत्तर के लिए एक अंक की नेगेटिव मार्किंग भी होगी।
जेईई के लिए मिलेगा निशुल्क प्रशिक्षण
इस परीक्षा में खंड और जिला स्तर पर लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों का ओरिएंटेशन कार्यक्रम होगा। इसके बाद चयनित विद्यार्थियों को जिला स्तर पर बनाए बुनियाद केंद्र में दाखिला दिया जाएगा। अंबाला में राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल पुलिस लाइन, शहजादपुर, बराड़ा, नारायणगढ़, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बकरा मार्केट में बुनियाद केंद्र बनाए गए हैं। दो वर्ष के लिए नौंवी व 10वीं कक्षा में सुपर-100 परीक्षा की तैयारी के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा।
साथ ही इनको नौवीं और दसवीं कक्षा की पढ़ाई भी कराई जाएगी। दो वर्ष बाद यह विद्यार्थी सुपर-100 की परीक्षा देंगे। अगर विद्यार्थी सुपर-100 की परीक्षा उत्तीर्ण करता है तो उसे 11वीं और 12वीं में जेईई की तैयारी के लिए शिक्षा विभाग के नेतृत्व में निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। विद्यार्थी जेईई की परीक्षा उत्तीर्ण करने पर आईआईटी संस्थान में दाखिला ले पाएंगे। शिक्षा विभाग आठवीं कक्षा से ही विद्यार्थियों की इस कार्यक्रम के लिए नींव मजबूत कर रहा है ताकि उनको आईआईटी संस्थान में निशुल्क दाखिला मिल सके।
इतने विद्यार्थियों ने दी परीक्षा
पीएम श्री राजकीय गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल शहजादपुर में 263 में से 227 ने परीक्षा दी। इसी तरह राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल समलहेड़ी में 272 में से 251, राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल बराड़ा में 436 में से 403, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल पंजोखरा साहिब में 307 में से 264, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नाहौनी में 246 में से 222 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के लिए जिले में 4117 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था।
वर्जन
बुनियाद कार्यक्रम को लेकर जिले के 14 केंद्रों पर खंड स्तरीय परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा का परिणाम आने के बाद उत्तीर्ण विद्यार्थी जिला स्तरीय परीक्षा देंगे। इसके बाद बुनियाद केंद्रों पर दाखिला की प्रक्रिया शुरू होगी।
पूजा भारद्वाज, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, अंबाला।