वित्त मंत्री के नाम सीटीएम पूजा कुमारी को ज्ञापन सौंपते हुए पटवारी। एसोसिएशन
अंबाला सिटी। भ्रष्टाचार में संलिप्तता की सूची लीक होने पर गुस्साए पटवारी और कानूनगो सोमवार को शाम चार बजे पटवारखाना में एकत्रित हुए। यहां से वे डीसी ऑफिस तक पहुंचे। डीसी की गैरहाजिरी में वित्त और राजस्व मंत्री के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। जिला प्रधान राजेश ने बताया कि जो सूची जारी हुई है उससे वे आहत हैं।
उन्होंने कहा कि जब तक सरकार इस सूची को खारिज नहीं करती तब तक कोई भी कानूनगो और पटवारी अतिरिक्त चार्ज का काम नहीं करेगा। जिले में करीब 33 पटवारी और पांच कानूनगो हैं। जो जमीन की खरीद संबंधी कागजी कार्य प्रणाली करते हैं। इनमें से पांच पटवारियों के नाम सूची में शामिल हैं। सूची में दर्शाया गया है कि पटवारियों ने तीन सहायक रखे हैं।
इन पटवारियों में दो अंबाला छावनी, एक अंबाला सिटी, एक बराड़ा और एक नारायणगढ़ का शामिल हैं। दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा के सदस्यों ने कहा कि सूची में अंबाला के भी पांच अधिकारियों के नाम हैं। जबकि सूची बनाने से पहले किसी भी प्रकार की विभागीय जांच नहीं करवाई गई है जो कि बहुत जरूरी है। इसलिए यह उनकी संवैधानिक सिद्धांतों का उल्लंघन है। संवाद