सिटी नागरिक अस्पताल में ओपीडी के लिए लाइन में लगे हुए मरीज। संवाद
अंबाला सिटी। इन दिनों खांसी, जुकाम और बुखार के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। शहर में करीब 200 मरीज खांसी, जुकाम और बुखार के आ रहे हैं। छावनी में भी कमर दर्द और दिल की समस्याओं से ग्रस्त मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। सिटी में बुधवार को करीब 1600 मरीज अपना उपचार कराने के लिए पहुंचे तो छावनी में करीब दो हजार लोग आए थे। बीते दिनों चार छुट्टियों के चलते अस्पताल में ओपीडी सेवाएं बंद थी। इसका असर अब देखने को मिल रहा है।
बच्चों और बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित
मौसम में ठंडक बढ़ने के कारण बच्चों और बुजुर्गों पर सबसे अधिक असर देखने को मिल रहा है। जहां बच्चों में बुखार ओर खांसी के मामले अधिक आ रहे हैं तो वहीं, बुजुर्गों में कमर दर्द, सांस की समस्या और ह्रदय संबंधी परेशानियां बढ़ने लगी हैं। डॉ. विशाल ने कहा कि ठंड बढ़ने के कारण दूषित हवा नीचे आ जाती है। इसमें सांस लेने से सीओपीडी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।
आंखों में जलन के 100 से अधिक मरीज
नेत्र विभाग की डॉ. श्वेता ने बताया कि इन दिनों प्रदूषण का स्तर इतना बढ़ गया है कि रोजाना करीब 100 मरीज सिर्फ आंखों में जलन के ही आ रहे हैं। प्रदूषित हवा के आंखों में जाने से धूल के कण खुजली करते हैं और खुजली करने से आंखों में जलन होती है। इसलिए बाहर निकलने से पहले आंखों पर सफेद पारदर्शी चश्मे लगाएं या फिर बाहर से आने वाले आंखों को बर्फ से सिकाई करें।