अंबाला। कैंटोनमेंट बोर्ड क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पटेल पार्क रोड की हालत में सुधार होगा। स्टाफ रोड से पार्क रोड और जेएलएन मार्ग (बीएस मार्केट के पास) तक सड़क की मजबूती और रि-कार्पेटिंग के कार्य को प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है। इस कार्य के लिए सबसे कम बोली लगाने वाली फर्म मैसर्स आरडी बिल्डर्स के नाम पर मुहर लगाई गई है।
छह कंपनियों ने लगाई थी बोली
इस परियोजना के लिए विभाग द्वारा निविदाएं आमंत्रित की गई थीं, इसमें तकनीकी जांच के बाद कुल 6 कंपनियों के वित्तीय प्रस्ताव खोले गए। प्रतिस्पर्धा में मैसर्स आरडी बिल्डर्स ने 47 लाख 33 हजार 176 रुपये की सबसे कम बोली लगाकर ठेका अपने नाम किया, जबकि बोली की अनुमानित लागत 49.62 लाख रुपये तय की गई थी।
बजट और टैक्स का विवरण
परिषद द्वारा पारित प्रस्ताव संख्या 13 के तहत इस निविदा को स्वीकृति दी गई है। खास बात यह है कि फर्म द्वारा कोट की गई दरों में सभी प्रकार के टैक्स शामिल हैं। इस परियोजना पर होने वाला खर्च बजट अनुमान के संबंधित फंड से किया जाएगा।
जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
संबंधित फाइल पर विभाग ने कार्रवाई शुरु कर दी है और औपचारिकताएं पूरी होते ही मौके पर काम शुरू कर दिया जाएगा। इस सड़क के बनने से बीएस मार्केट और डिफेंस कॉलोनी की ओर जाने वाले स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को जर्जर सड़क से राहत मिलेगी।
- राहुल आनंद शर्मा, सीईओ, कैंटोनमेंट बोर्ड, अंबाला।