अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर बनाया गया नया एसी वेटिंग हाल। संवाद
अंबाला। कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का इंतजार करने वाले यात्रियों को गर्मी नहीं सताएगी। यात्री एसी की हवा में बैठेंगे। स्टेशन पर आधुनिक सुविधाओं से लैस नए वातानुकूलित वेटिंग हॉल के निर्माण का कार्य पूरा हो गया है। लगभग 20 लाख रुपये की लागत से तैयार इस हॉल में अब यात्री बिना किसी परेशानी के बैठ सकेंगे। जल्द इसे यात्री सुविधा के तहत शुरू कर दिया जाएगा।
300 के लिए सुविधा : स्टेशन के कायाकल्प की दिशा में उठाए गए इस कदम के तहत बनाए गए इस विशाल एसी वेटिंग हॉल की क्षमता करीब 300 यात्रियों की है। अक्सर देखा जाता है कि ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण यात्रियों को घंटों प्लेटफार्म पर परेशान होना पड़ता था लेकिन अब वे ठंडी हवा में बैठकर अपनी ट्रेन का इंतजार कर सकेंगे। स्वच्छता का विशेष ध्यान : सिर्फ बैठने की व्यवस्था ही नहीं, बल्कि स्वच्छता को लेकर भी बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। एसी वेटिंग रूम के लिए विशेष तौर पर आधुनिक शौचालयों का निर्धारण शुरू कर दिया गया है।