अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट के सामने रेल कोच स्थापित करने के लिए पहुंची लाइन व स्लैब।
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कैंट रेलवे स्टेशन के परिसर में बाहरी लोगों सहित यात्रियों को स्वादिष्ट व्यंजन खाने को मिलेंगे। रेलवे के निर्देश पर यह कार्य निजी एजेंसी द्वारा किया जाएगा। इस कार्य के तहत रेलवे परिसर में मुख्य गेट के बिल्कुल सामने रेल कोच स्थापित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। यह रेल कोच सैन्य कोच और तिरंगे के नजदीक रखा जाएगा, इससे जुड़ा सामान मौके पर पहुंच गया है, इसमें कोच को रखने के लिए रेल लाइन और सीमेंट के स्लीपर कार्यस्थल पर पहुंच गए हैं और इसके नजदीक क्षेत्र को भी स्वच्छ और सुंदर बनाने का कार्य शुरु कर दिया गया है। पांच साल का ठेका : रेलवे की ओर से जारी की गई निविदा के तहत रेल कोच रेस्त्रां का ठेका पंजाब के रूपनगर की एक एजेंसी को जारी किया गया है। ठेके से रेलवे को 1 करोड़ 26 लाख 85 हजार 601 रुपये राजस्व के तौर पर मिलेंगे। यह ठेका पांच साल के लिए जारी किया गया है।