अंबाला। सड़क सुरक्षा के काम में राजमार्गों और स्टेट हाईवे किनारे खड़े वाहन खतरा बन रहे हैं। अंबाला-दिल्ली राजमार्ग हो या अंबाला-जगाधरी राजमार्ग दोनों पर वाहनों को सड़क किनारे खड़ा देखा जा सकता है। इन दोनों राजमार्गों में सबसे खराब हालात अंबाला कैंट स्थित जगाधरी राजमार्ग की है। यहां बस स्टैंड से लेकर साहा तक राजमार्ग के किनारे ही वाहन खड़े रहते हैं।
यहां आसपास बैंक, प्राइवेट कंपनियों के कार्यालय और स्कूल हैं, जिनके स्टाफ व काम काज के लिए आने-जाने वालों के वाहन यहां खड़े रहते हैं। इसके साथ ही स्कूलों के बाहर बसें भी हाईवे पर खड़ी दिखाई देती हैं। इन पर अब तक किसी भी विभाग ने कार्रवाई नहीं की। साथ ही जगाधरी राजमार्ग पर सिविल अस्पताल के सामने ई-रिक्शा व ऑटो भी राजमार्ग पर दोपहर के समय खड़े दिखे। वहीं ट्रेक्टर, डंपर भी इस मार्ग पर काफी चलते हैं। इन पर रिफ्लेक्टर भी लगा नहीं मिला। खासकर नारायणगढ़ को जाने वाले स्टेट हाईवे पर सर्वाधिक ऐसी स्थिति दिखी।
नहीं बना पा रहे रणनीति
नवंबर में सड़क हादसों में 32 लोगों ने जान गवाई है। इसमें सबसे अधिक मोटरसाइकिल, स्कूटी सवार और पैदल चलने वाले लोग हैं। पिछले वर्ष नवंबर में मौत के आंकड़ों को देखें तो 33 मौतें हुईं थी। वहीं जनवरी से नवंबर तक मौत के आंकड़े पिछले वर्ष से काफी अधिक हैं। सड़क हादसों में इतनी मौत होने के बाद सरकारी विभाग को समझ ही नहीं आ रहा कि सड़क सुरक्षा समिति में किस प्रकार की रणनीति बनाएं।
रात के समय बिगड़ जाते हैं हालात
अंबाला-जगाधरी राजमार्ग पर गर्ग पूड़ी वाला, मोहन मुर्गे वाला जैसे रेस्टोरेंट चलते हैं। यहां पर दिनभर और रात्रि को ग्राहकों की भीड़ रहती है। ऐसे में इनके यहां आने वाले ग्राहक राजमार्ग पर वाहन खड़े कर देते हैं। यहां हालात ऐसे हो जाते हैं कि कई बार तो आधा राजमार्ग तक घिर जाता है। ऐसे में अगर कोई बाइक सवार आ रहा हो और अचानक से कार चालक राजमार्ग की तरफ कार मोड़ दे तो हादसा होने का खतरा बन जाता है। यहां आए दिन लोग सड़क हादसों में बचते रहते हैं। खासकर रात्रि के समय लोग अपनी गाड़ियां यहां लगाकर शराब का सेवन करते हैं ऐसे समय हादसे का सबसे अधिक खतरा रहता है। कई बार पुलिस की चेतावनी के बाद भी इन रेस्टोरेंट संचालकों की तरफ से गाड़ियों को ठीक से खड़ी कराने की व्यवस्था नहीं बनाई गई है।
शराब ठेके के सामने राजमार्ग पर बना दी सीढ़ियां
अंबाला-दिल्ली राजमार्ग पर तो काफी कमियां देखने को मिलती हैं जो भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को दिखाई नहीं देती हैं। इसमें अंबाला-दिल्ली राजमार्ग पर मोहड़ा के पास एक शराब के ठेके के समीप राजमार्ग की रेलिंग हटाकर एक अवैध रास्ता बना दिया गया है। सिर्फ रास्ता ही नहीं बल्कि सर्विस लेन पर जाने के लिए बाकायदा लोहे की सीढ़ी भी अवैध रूप से रख दी गई है। जिससे अगर कोई सर्विस लेन पर ठेके से शराब लेने जाए तो आसानी से चला जाए। ऐसे में यहां वाहन चालक राजमार्ग पर ही वाहन खड़ा करते हैं और सीढ़ियों से चढ़कर शराब लेने चले जाते हैं। जिससे हादसे का खतरा है।
अंबाला जगाधरी राजमार्ग पर मोहन मुर्गे वाला के सामने राजमार्ग पर खड़े वाहन। संवाद