नारायणगढ़। नारायणगढ़ की अनाज मंडी में मंगलवार को सीएम नायब सिंह सैनी ने जनसुनवाई कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए समस्याओं के निवारण के निर्देश।
इसमें ग्राम पंचायत बहलोली के पंच सुनील कुमार ने सीएम को बताया कि गांव के मिडिल स्कूल में इंग्लिश और सोशल साइंस विषय के करीब दो साल से शिक्षक ही नहीं है। मंगलवार को वह स्कूल में गए तो दिखा कि एक शिक्षक तैनात हैं वह भी छुट्टी पर थे। ऐसे में 60 से अधिक बच्चों को कौन संभालेगा।
इससे पहले भी वह पूर्व शिक्षामंत्री को भी अपनी समस्या बता चुके हैं। तब वहां पर डेपुटेशन पर एक शिक्षिका की व्यवस्था की मगर वह एक दिन ही आ पाती थीं। दूसरे शिक्षक पटवी से लगाए मगर विषय के ही शिक्षक नहीं होंगे तो वह क्या करेंगे। इस पर सीएम ने डीसी को निर्देश दिए कि वह मामले की जांच कराएं और शिक्षक का प्रबंध कराएं।
लोगों की समस्याएं सुनते हुए सीएम ने जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिये कि नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में जितने भी पेयजल आपूर्ति के ट्यूबवेल फेल हो चुके हैं, उनके एस्टीमेट बनाकर भेजें। वहीं छोटी कोड़ी से रामपाल ने नारायणगढ़ अस्पताल में स्टॉफ की कमी के बारे में बताया। इस पर सीएम ने कहा कि जल्द ही अस्पताल में स्टॉफ की समस्या का हल कर दिया जाएगा। इसी प्रकार एक व्यक्ति ने कहा कि नारायणगढ़ क्षेत्र राजनैतिक रूप से पिछड़ गया है, इस पर सीएम ने कहा कि यहां से पिछड़ कैसे गया है?
डीएसपी को कबूतरबाजी की जांच के निर्देश
चन्द्रचूड़ बेरखेड़ी ने विदेश भेजने से संबंधित एजेंट की शिकायत की। इस पर डीएसपी को जांच करने के निर्देश दिये। संगरानी के सतारखान व अन्य ग्रामीणों ने पेयजल और पाइप लाइन की समस्या रखी जिस पर सीएम ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को निर्देश दिये कि पेयजल पाइप लाइन को रिप्लेस किया जाए। इसी गांव की बिजली के कट लगने की समस्या पर सीएम ने बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता को बिजली कट की समस्या के समाधान करने और बिजली का स्विच लगाने के निर्देश दिए। पंजेटों के ग्रामीणों ने पेयजल की समस्या रखी। राजीव शर्मा हसनपुर ने ट्यूबवेल का कनेक्शन नहीं होने की समस्या रखी। इस पर बिजली निगम के अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिये।
गन्ना किसानों ने मांगा बकाया
गन्ना संघर्ष समिति के विनोद राणा और भाकियू किसान-मजदूर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष नरपत राणा ने शुगर मिल से संबंधित समस्या रखी। उन्होंने अपना करीब 22 करोड़ रुपये का बकाया मांगा। इस पर सीएम ने जल्द समस्या समाधान का आश्वासन दिया। इसी प्रकार नारायणगढ़ जिला बनाओ संघर्ष समिति के द्वारा नारायणगढ़ को जिला बनाने से संबंधित मांग रखी। जनसंवाद कार्यक्रम में आई शिकायतों में से कुछ का मौके पर ही समाधान किया गया तथा शेष के समाधान करने के निर्देश सीएम द्वारा अधिकारियों को दिये। वहीं रउमाजरा के पूर्व सरपंच सलामुदीन और अन्य ग्रामीण सीएम का धन्यवाद करने पहुंचे इन लोगों का कहना था कि गांव की 25 एकड़ गऊ चंराद की जमीन से अवैध कब्जा प्रशासन ने छुड़वाया है।
नारायणगढ़ स्थित अनाजमंडी में जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान शिकायतें सुनते सीएम नायब सिंह सैनी ।