- आरटीए से मदद के बाद बाइक की चेसिस नंबर से धनौरी गांव के व्यक्ति के नाम निकली बाइक
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। वंदे भारत एक्सप्रेस से टकराने वाली बाइक के असली मालिक तक पहुंचने की प्रक्रिया आरपीएफ ने तेज कर दी है। प्राथमिक जानकारी में सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक अंबाला के नजदीक धनौरी गांव की है, हालांकि आरपीएफ ने अभी इसकी पहचान उजागर नहीं की है। आरपीएफ ने दस्तावेज के आधार पर गांव में दबिश भी दी है, लेकिन बाइक कौन चला रहा था, इसकी पुख्ता जानकारी होने के बाद भी आरपीएफ आरोपी को गिरफ्तार करेगी। आरपीएफ ने रेलवे एक्ट की धारा 154 (लापरवाही से यात्रियों की सुरक्षा खतरे में डालना) को लेकर मामला दर्ज किया है। इसमें आरोपी को 1 वर्ष तक की सजा या जुर्माना हो सकता है।
बाइक के उड़ गए थे परखच्चे
घटना सोमवार दोपहर को अंबाला कैंट और सिटी के मध्यम माडल टाउन क्षेत्र में हुई थी। ट्रेन नंबर 20977 अजमेर-चंडीगढ़ वंदे भारत एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई थी। मॉडल टाउन क्षेत्र के पास किलोमीटर संख्या 201/17 पर एक मोटरसाइकिल सवार अचानक अप लाइन पर आ गया, इससे बाइक ट्रेन के कोच से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और उसके अवशेष करीब 400 मीटर तक बिखर गए। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। इस घटना के कारण ट्रेन का ब्रेक पाइप सिलेंडर टूट गया और एयर स्प्रिंग इंडिकेटर में भी खराबी आई। सूचना मिलते ही आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त और स्थानीय स्टाफ मौके पर पहुंचे। मरम्मत के बाद ट्रेन को करीब 28 मिनट की देरी से 15:08 बजे रवाना किया गया। आरपीएफ ने बाइक के अवशेषों को कब्जे में लेकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। वंदे भारत सहित शताब्दी जैसी तेजएरफ्तार प्रीमियम ट्रेनों के सुरक्षित संचालन को लेकर आरपीएफ द्वारा लगातार अभियान चलाए जाते हैं। इस घटना के बाद एक बार फिर आरपीएफ ने रेलवे लाइन किनारे स्थित रिहायशी क्षेत्रों में पुन: जागरूकता अभियान चलाने का फैसला किया है ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो और ट्रेनों का भी सुरक्षित संचालन हो सके।
बाइक के चेसिज नंबर से जानकारी मिली है कि बाइक अंबाला के नजदीक धनौरी गांव की है। इस संबंध में गांव में जाकर पूछताछ की जा रही है ताकि बाइक चालक के बारे में सही जानकारी मिल सके, अगर जरूरत पड़ी तो पहचान के लिए वंदे भारत के स्टाफ से भी सहयोग लिया जाएगा।
रविंदर सिंह, प्रभारी आरपीएफ अंबाला।