संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय स्थित सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल के मार्गदर्शन में यह बैठक संपन्न हुई। इससे पहले चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। एडीसी ने अवगत करवाया कि अब तक जिले में कुल 4405 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, इनमें से चार हजार 179 का समाधान किया जा चुका है, जबकि 67 शिकायतें लंबित हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि लंबित शिकायतों का शीघ्र निपटान सुनिश्चित किया जाएगा। एडीसी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों का निपटान निर्धारित समय-सीमा में करें और समाधान उपरांत पोर्टल पर तुरंत अपडेट करें।