अंबाला। कैंटोनमेंट बोर्ड क्षेत्र में अनधिकृत तरीके से खड़ी रेहड़ियों के खिलाफ कार्रवाई शुरु हो गई है। बोर्ड की टीम ने कैपिटल चौक के पास मुख्य सड़क पर खड़ी 10 रेहड़ियों पर कार्रवाई की और प्रत्येक रेहड़ी से एक हजार रुपये का जुर्माना वसूला। कैंटोनमेंट बोर्ड के निरीक्षक प्रिंस ने बताया कि सड़कों पर अनधिकृत रेहड़ियों की वजह से यातायात बाधित हो रहा था और हादसे का डर भी बना हुआ था। इस संबंध में शिकायतें उच्चाधिकारियों के पास पहुंची थी। पहले रेहड़ी संचालकों को चेतावनी दी गई थी कि वो मुख्य सड़कों के किनारे रेहड़ी न लगाएं, बावजूद इसके वो अपनी कार्यशैली से बाज नहीं आए तो मजबूरन उन्हें कार्रवाई करनी पड़ी, वहीं कैंटोनमेंट बोर्ड के मुख्य अधिशासी अधिकारी राहुल आनंद शर्मा ने बताया कि अनाधिकृत रेहड़ियों पर यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने रेहड़ी संचालकों को निर्देश दिए कि बोर्ड क्षेत्र में उनके लिए जगह का निर्धारण किया गया है, इसलिए वो निर्धारित जगह पर ही रेहड़ियों को खड़ा करें।