अंबाला। हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के प्रयासों से अंबाला में घरेलू एयरपोर्ट के शिलान्यास की तारीख 15 अक्तूबर तय होने पर जश्न का माहौल है। विभिन्न बाजार एसोसिएशनों के अलावा व्यापारिक एवं अलग-अलग संगठनों के पदाधिकारी गृह मंत्री का धन्यवाद जताने के लिए लगातार उनके आवास पर पहुंच रहे हैं।
शनिवार को इंडस्ट्रियल एरिया अंबाला छावनी से कई उद्योगपतियों के अलावा, सदर बाजार से दर्जनों व्यापारी, राय मार्केट बाजार एसोसिएशन, तोपखाना से विभिन्न संगठन एवं दुकानदार गृह मंत्री के आवास पर पहुंचे और एयरपोर्ट की सौगात देने के लिए उनका धन्यवाद व्यक्त किया। उद्योगपतियों व कारोबारियों ने कहा कि गृह मंत्री की बदौलत अंबाला की शान में अब चार चांद लग गए हैं और जल्द घरेलू एयरपोर्ट की शुरूआत होने से अंबाला का जुड़ाव अब पहले से ज्यादा बेहतर हो जाएगा।
उन्होंने कहा जिस कार्य को किसी ने सपने भी नहीं सोचा था, वह गृह मंत्री ने धरातल पर करके दिखाया और अंबाला छावनी की जनता के लिए यह बहुत बड़ी देन है। वहीं गृह मंत्री ने कहा कि वह जो कुछ भी कर पाए हैं, वह जनता की दुआओं के बदौलत ही संभव हो रहा है। उन्होंने सभी संस्थाओं के पदाधिकारियों व सदस्यों से आह्वान किया कि वह 15 अक्टूबर को डोमेस्टिक एयरपोर्ट के शिलान्यास समारोह में अवश्य आएं और उनकी उपस्थिति उनके लिए मेहनताना के तौर पर कार्य करेगी।
इस अवसर पर राय मार्केट एवं व्यापारिक संगठन से जितेंद्र सहगल, जोगिंद्र सिंह, ओम प्रकाश, प्रदीप अरोड़ा, संजीव वर्मा, सुखविंद्र सिंह, अशोक, तरणजीत भसीन, प्रदीप चोपड़ा के अलावा इंडस्ट्री एरिया से महावीर जैन सहित कई उद्योग, तोपखाना बाजार क्षेत्र से विनय गोयल, मोहित गुप्ता, विशाल शर्मा, देवेंद्र, नरेश, आकाश, नितेश, पर्व, ऋषभ एवं अन्य मौजूद रहे।