अंबाला सिटी। कुछ दिनों में ही त्योहारी सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में अंबाला के बाजारों में रौनक रहेगी। ऐसे में बाजार की भी कुछ समस्याएं हैं। इसके बाद व्यापारी और दुकानदार शासन प्रशासन की तरफ देख रहे हैं।
बाजारों में अतिक्रमण से जगह कम बचती है और बाजार आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अंबाला सिटी के होलसेल कपड़ा मार्केट और मनियारी मार्केट में अतिक्रमण एक बड़ी समस्या है। कुछ दुकानों के हालात कुछ इस कदर हैं कि मात्र 10 फीट की दुकान है और सड़क के बाहर करीब 12 फीट तक अतिक्रमण। वहीं, होलसेल कपड़ा मार्केट में बस स्टैंड के साथ लगती मार्केट से रेलवे स्टेशन चौक स्थित श्री हनुमान मंदिर तक दुकानदारों की ओर से सड़क के दोनों ओर भारी भरकम अतिक्रमण दिखाई देता है। वर्करों और ग्राहकों के दोपहिया वाहन दुकानों के आगे ही दिनभर खड़े रहते हैं। बाजार एसोसिएशन भी इस समस्या के समाधान के लिए कह चुकी है।
सबसे पहले दुकानदार आएं आगे
सिटी होलसेल कपड़ा मार्केट के प्रधान विशाल बत्रा का कहना है कि बाजारों में व्यवस्थाओं को बेहतर रखने के लिए सर्वप्रथम दुकानदारों भाईयों को ही सहयोग करना पड़ेगा, अगर वह अपनी दुकानों के आगे अतिक्रमण न करें तो ग्राहकों के लिए भी आसानी होगी। वहीं, ग्राहक बेहतर ढंग से खरीददारी कर सकेंगे। समय समय पर मार्केट एसोसिएशन की ओर से दुकानदारों को व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहयोग करने के लिए अपील की जाती है।
तय पार्किंग में ही वाहन खड़ा करें
सिटी होलसेल कपड़ा मार्केट के स्थानीय व्यापारी मोहन गोयल का कहना है कि सिटी बस स्टैंड के साथ मार्केट के वर्करों व दुकानदारों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है, सभी लोगों को अपने वाहन पार्किंग में लगाने चाहिए। इससे बाजारों में आने वाले ग्राहकों को बेहतर सुविधा होगी। वहीं, सभी दुकानों पर ग्राहक आसानी से पहुंच सकेंगे। इससे आमजन को भी मार्केट से गुजरने में राहत मिलेगी।
मनियारी मार्केट की तंग गलियों में जाम
सिटी मनियारी मार्केट के प्रधान मोहिंद्र जुनेजा लक्की का कहना है कि शुक्लकुंड रोड स्थित मनियारी बाजारों की गलिया कुछ तंग है, मगर इन गलियों में आए दिन ई-रिक्शा चालकों और रेहड़ियां बाजारों के बीच लगाने वाले लोगों के कारण आमजन को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं ग्राहक भी दुकानों पर नहीं पहुंच रहे हैं। जिस ओर जिला प्रशासन को ध्यान देने की जरूरत है।
दिनभर रहती है जाम की स्थिति
सिटी मनियारी मार्केट के स्थानीय दुकानदार गौरव जैन का कहना है कि त्योहारी सीजन बहरहाल शुरू नहीं हुआ, मगर मार्केट में जाम की स्थिति दिनभर बनी रहती है। पुलिस प्रशासन और निगम प्रशासन को इस मामले में व्यवस्थाओं पर ध्यान देना चाहिए। जो कोई दुकानदार अतिक्रमण करे व मार्केट में अवैध पार्किंग करे उसपर कार्रवाई करने का प्रावधान सुनिश्चित करें, ताकि बाजारों की सुविधाओं को बेहतर किया जा सके।
होलसेल कपड़ा मार्केट में अवैध पार्किंग करने की इजाजत किसी को भी नहीं दी जाएगी। इस पर संज्ञान जरूर लिया जाएगा। अगर दुकानदारों या उनपर काम करने वाले वर्करों की ओर से दुकानों के आगे अवैध पार्किंग बनाई गई तो इस पर कानूनी प्रक्रिया के तहत चालान किए जाएंगे।
राजिन्द्र कुमार, प्रभारी, पुलिस चौकी नंबर-2, अंबाला सिटी।
अंबाला सिटी स्थानीय दुकानदारों द्वारा दुकानों के आगे बनाई गई अवैध पार्किंग व किया गया अतिक्रमण।
अंबाला सिटी स्थानीय दुकानदारों द्वारा दुकानों के आगे बनाई गई अवैध पार्किंग व किया गया अतिक्रमण।
अंबाला सिटी स्थानीय दुकानदारों द्वारा दुकानों के आगे बनाई गई अवैध पार्किंग व किया गया अतिक्रमण।
अंबाला सिटी स्थानीय दुकानदारों द्वारा दुकानों के आगे बनाई गई अवैध पार्किंग व किया गया अतिक्रमण।