आयुषमान के तहत घुटना बदलने के बाद मरीज के साथ खड़े डॉ. अश्वनी मोदगिल
- फोटो : Ambala
नागरिक अस्पताल में अब दोबारा से मरीज आयुष्मान योजना के तहत निशुल्क अपने घुटने और कूल्हे बदलवा सकेंगे। एक साल पहले घुटने और कूल्हे की देसी व विदेशी खरीद के चलते विवाद खड़ा हो गया था। यही कारण था कि हेडक्वार्टर से इनकी खरीद बंद होने के कारण अस्पताल की ओपीडी में आयुष्मान के तहत ऑप्रेशन भी बंद कर दिए गए थे।
हालांकि विभाग इस बात पर मंथन कर रहा था कि आखिर किस एजेंसी से वह घुटने और कूल्हे की खरीद करवाएं। इसके लिए कुटेशन भी मांगी गई थी, लेकिन लंबे समय बाद राहत मिली है। अब स्वास्थ्य विभाग ने अमृत फार्मेसी के साथ समझौता करते हुए यह सुविधा दोबारा शुरू कर दी है। इसके तहत तीन फरवरी को पहला घुटने का सफल ऑप्रेशन हड्डी विशेषज्ञ डॉ. अश्वनी मोदगिल ने किया। गांव मुकुंदपुर निवासी 60 वर्षीय रकम सिंह का पूरा घुटना ही बड़े ऑप्रेशन के बाद बदल दिया गया। डॉ. अश्वनी का कहना था कि मरीज रकम सिंह पिछले पांच साल से घुटनों के कारण परेशान चल रहा था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह प्राइवेट अस्पतालों में लाखों रुपये खर्च कर यह ऑप्रेशन नहीं करवा पा रहा था। अस्पताल की ओपीडी में पहुंचा तो उसका आयुष्मान के तहत सफल ऑप्रेशन किया।
एक साल बाद दोबारा से आयुष्मान के तहत घुटने और कूल्हे बदलने के ऑप्रेशन शुरू हो गए हैं। 60 वर्षीय रकम सिंह का सफल ऑप्रेशन हुआ है।
- डॉ. अश्वनी मोदगिल, हड्डी रोग विशेषज्ञ