अंबाला। मंदसौर मध्यप्रदेश से अफीम लेकर आए नशा तस्कर को राजकीय रेलवे पुलिस की सीआईए टीम ने काबू किया। आरोपी की पहचान मध्यप्रदेश निवासी बाबू दास के तौर पर हुई है जोकि खुद भी नशे का आदि है। उसके कब्जे से अफीम जब्त की गई। प्राथमिक पूछताछ में बाबू दास ने बताया कि उसे मंदसौर के एक सप्लायर ने यह अफीम अंबाला और राजपुरा में देने के लिए कहा था। वो सोमवार सुबह ही ट्रेन से अंबाला कैंट स्टेशन पर आया था। सीआईए प्रभारी विलायती राम ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, उसे मंगलवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा ताकि अन्य साथियों की भी धरपकड़ हो सके।