अंबाला छावनी स्थित कैंटोनमेंट बोर्ड का कार्यालय। फाइल फोटो
अंबाला। छावनी बोर्ड क्षेत्र के आठ वार्डों की सभी प्रमुख खुली नालियों को भूमिगत करने की योजना तैयार की गई है। इस परियोजना पर लगभग एक करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। बोर्ड के अधिकारी इस कार्य योजना को तैयार करने में जुटे हैं, ताकि आगामी बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए पेश किया जा सके।
लंबे समय से स्थानीय नागरिक खुली नालियों के कारण आने वाली दुर्गंध और मच्छरों के प्रकोप से परेशान थे। बारिश के दिनों में इन नालियों का गंदा पानी भरने से स्थिति खराब हो जाती थी। बोर्ड के इस कदम से न केवल क्षेत्र की सूरत बदलेगी बल्कि मलेरिया और डेंगू जैसी संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी काफी हद तक कम हो जाएगा। इससे रास्ते चौड़े होंगे और राहगीरों को भी आने-जाने में आसानी होगी।
मशीन से होगी पाइप लाइनों की सफाई
नालियों को भूमिगत करने के बाद सबसे बड़ी चिंता उनके जाम होने की होती है। इसके समाधान के लिए बोर्ड ने आधुनिक तकनीक का सहारा लेने का फैसला किया है। योजना के तहत इन भूमिगत पाइपों की सफाई के लिए विशेष मशीनों का उपयोग किया जाएगा। हाई-प्रेशर सक्शन और जेटिंग मशीनों के जरिए किसी भी ब्लॉकेज को तुरंत साफ किया जा सकेगा और इससे सड़कों पर जलभराव की स्थिति पैदा नहीं होगी।
क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए यह महत्वपूर्ण परियोजना है। विस्तृत कार्य योजना तैयार की जा रही है। आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी ताकि स्थानीय जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
- राहुल आनंद शर्मा, सीईओ, कैंटोनमेंट बोर्ड, अंबाला