सिविल अस्पताल कैंट के नए ओपीडी कांप्लेक्स के रजिस्ट्रेशन काउंटर से एक मरीज का जहां कार्ड नहीं बनाया गया, वहीं उसे वापस भेज दिया गया। इसी को लेकर पीड़ित ने स्वास्थ्य मंत्री सहित निदेशक स्वास्थ्य विभाग को शिकायत दी है। वशिष्ठ नगर निवासी राजेश कुमार ने बताया कि वह काफी समय से आंखों की बीमारी से परेशान चल रहा है। बुधवार उसकी एक आंख में अचानक से दर्द होने लगा था और वह तुरंत ही कैंट सिविल अस्पताल की ओपीडी में उपचार के पहुंचा। लेकिन उसे काउंटर पर मौजूद स्टाफ ने रजिस्ट्रेशन बंद होने की बात कही। उसने जब कारण जानना चाह तो अभद्र व्यवहार भी किया। उनका कहना है कि ओपीडी में बने रिसेप्शन काउंटर से भी किसी तरह का कोई सहयोग नहीं मिला। एसएमओ डॉ. सतीश का कहना है कि मेरे संज्ञान में कोई मामला नहीं है। अगर मरीज को वापिस भेजा गया है तो संबंधित स्टाफ से पूछताछ की जाएगी।