अंबाला सिटी। अंबाला के निकटवर्ती सौंटी गांव में वीरवार सुबह 11 बजे एक वर्षीय बच्ची की पानी में डूबने से मौत हो गई।
मृतक बच्ची की पहचान बरेली निवासी नव्या के रूप में हुई है। जब चिकित्सकों ने बच्ची का पोस्टमार्टम करने की बात कही तो परिजनों ने रोष जताया और पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया। चिकित्सक ने पुलिस को बुलाया तब जाकर परिजन समझाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए माने। पिता जितेंद्र ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ बरेली से अंबाला के निकटवर्ती सौंटी गांव में भट्ठे पर काम करता है। वीरवार की सुबह 11:00 बजे को जब वह काम कर रहे थे तो नव्या की दादी ने देखा कि बेटी पास ही बने गड्ढे के पानी में डूबी हुई है। उपचार के लिए वे बच्ची को लेकर सिटी के नागरिक अस्पताल में पहुंचे। जहां चिकित्सक ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। ट्रामा सेंटर के ड्यूटी इंचार्ज डॉ. संजय ने बताया कि बच्ची मृत ही अस्पताल में पहुंची थी। डूबने से ही बच्ची की मौत हुई है।