सरकार ने बीपीएल कार्ड धारकों के एक-एक हजार रुपये जारी किए हैं। सभी बीपीएल कार्ड धारक सीएचसी पर आएं और अपने-एक-एक हजार रुपये ले जाएं। सीएचसी पर आने के लिए अपना कार्ड व सभी जरूरी दस्तावेज जरूर लेकर आएं। जसमीत नगर में कॉमन सर्विस सेंटर संचालक ने जैसे ही यह एलान करवाया वैसे ही बीपीएल कार्डधारक सेंटर पर पहुंच गए।
आरोप हैं कि इसके बाद सभी दस्तावेज लेकर सीएससी संचालक ने बीपीएल कार्ड धारकों के खाते में जो राशि सरकार ने डाली थी उसने वही राशि निकाली और उन्हें थमानी शुरू कर दी। इतना ही नहीं चालाक सीएचसी संचालक ने बीपीएल कार्ड धारकों के खाते से दो हजार रुपये निकाले, लेकिन उन्हें दिए एक हजार। इस तरह उन्हीं के खाते से रुपये निकालकर उन्हीं को थमाए जाने लगे और वो भी आधे। एक बीपीएल कार्ड धारक ने सीएचसी संचालक की इस चालाकी को पकड़ लिया। इसके बाद यहां जमकर हंगामा हुआ।
दो बार अंगूठे लगवाए : लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि सीएससी संचालक ने दो बार हमसे अंगूठा लगवाकर खाते से 2 हजार रुपये निकलवा लिए और एक हजार रुपये हमें थमा दिए। जब उन्होंने इस बारे में सीएससी संचालक से बात करनी चाही तो उसने बात करने से ही मना कर दिया।
राशि निकलवाने के साथ राशन दिलाने का दिया लालच : लोगों का कहना है इससे पहले संचालक ने सभी बीपीएल कार्ड धारकों को राशन दिलाने का वादा किया था। लेकिन उन्हें कोई राशन नहीं दिया गया और अब बीपीएल कार्ड धारकों को 1 हजार रुपये देने का कहकर 2 हजार रुपये उनके अकांउट से निकलवा लिए हैं। रुपये निकलवाने से पूर्व सभी कार्ड धारकों से जरूरी दस्तावेज भी लिए गए। कागजों पर अंगूठा भी लगवाया गया। जिससे उन्हें अब डर बना हुआ है कि कहीं आगे भी उनके खातों से रुपये न काट लिए जाएं।