शहजादपुर। कबूतरबाजी और विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवक को विदेश भेजने का झांसा देकर उससे एक लाख रुपये ठग लिए और पासपोर्ट भी अपने पास रख लिया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त शिकायत और जांच रिपोर्ट के आधार पर शहजादपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव धनाना (नारायणगढ़) निवासी बलबीर सिंह ने बताया कि लाडी राजपूत निवासी आड़ू माजरा (पंजाब) ने उनके बेटे मनप्रीत को विदेश भेजने का झांसा दिया था। आरोपी ने पहले उनके बेटे का पासपोर्ट अपने पास मंगवाया और फिर अलग-अलग माध्यमों से कुल एक लाख रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित के अनुसार, उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से कर्ण सिंह के खाते में 30 हजार रुपये (2 मार्च 2026 को) और ताकीर आलम के खाते में 10 हजार रुपये जमा करवाए थे, जबकि 60 हजार रुपये नकद दिए थे।
पैसे लेने के बाद आरोपी लगातार बहाने बनाता रहा और करीब 6-7 महीने बीत जाने के बाद भी विदेश भेजने के लिए कोई दस्तावेज नहीं लगाए। जब पीड़ित ने अपने पैसे और पासपोर्ट वापस मांगे, तो आरोपी ने फोन काट कर बंद कर दिया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जांच रिपोर्ट के बाद शहजादपुर थाना पुलिस ने आरोपी लाडी राजपूत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता में आपराधिक विश्वासघात और धोखाधड़ी की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की ली है। संवाद