बिजनेस के सिलसिले में अंबाला में अपने चाचा-चाची के पास से चंडीगढ़ गए उप्र के अमेठी, गांव गोरा जामू के अमित का अपहरण कर लिया गया है। उसे छोड़ने की एवज में बदमाशों ने एक लाख की फिरौती मांगी है। अज्ञात ने फोन पर उसके चाचा-चाची को धमकी दी कि यदि मांग पूरी नहीं की गई तो वे उसे छोड़ेंगे नहीं। वह कुछ दिन पूर्व अंबाला में अपने चाचा-चाची के पास आया था। शालीमार कॉलोनी वासी शिव लल्ली पांडेय ने सोमवार को पुलिस को शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। अंबाला पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए सीआईए के साथ साइबर क्राइम टीम को जिम्मा सौंप दिया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई जगह छापा मारी भी कर चुकी थी लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी।
इस तरह बताया शिव लल्ली ने मामला
शिव लल्ली के अनुसार उनका भतीजा अमित 8 फरवरी को उनके पास आया था। 13 जनवरी को काम की एवज में चंडीगढ़ के लिए गया था, उसके बाद नहीं लौटा। परेशान परिवार ने उसे हर संभव स्थान पर ढूंढा लेकिन वह नहीं मिला। सोमवार अमेठी में उसकी मां दीपा पत्नी पवन कुमार के पास फोन आया कि वह हमारे कब्जे में है। यदि उसके खाते में एक लाख रुपये नहीं डलवाए तो वे उसे नहीं छोड़ेंगे।
पंजाब का है धमकी देने वाले का मोबाइल नंबर
महेशनगर थाने में अज्ञात पर धारा 346-ए के तहत केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी गई। धमकी देने वाला फोन नंबर पंजाब का है जबकि अमित के दोनों फोन नंबर बंद आ रहे हैं। एसपी ने सीआईए के अलावा साइबर टीमें गठित की हैं, जिन्होंने दबिश शुरू कर दी गई। घटना को लेकर परिवार में दहशत व्याप्त है।
युवक के अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में महेशनगर थाना प्रभारी को निर्देश दिए गए हैं कि वह सीआईए और साइबर क्राइम टीमों की मदद लें। युवक और आरोपियों के फोन बंद आ रहे हैं। केस को जल्द सुलझा लिया जाएगा।
- हामिद, अख्तर, एसपी अंबाला