जमातियों से पैदा हुई दिक्कत अंबाला में अभी थमती नजर नहीं आ रही है। हालात यह हैं कि बुधवार को एक और जमाती की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। यह जमाती भी महाराष्ट्र का ही है। अब 5 जमाती पॉजिटिव हो चुके हैं जबकि एक पंजाब का गुरप्रीत है। इस तरह छह केस अंबाला में उजागर हो चुके हैं जबकि सातवें की पीजीआई चंडीगढ़ में मौत हो चुकी है। मुसीबतों में फंसे स्वास्थ्य विभाग की दिक्कतें उस समय और बढ़ गई जब 14 टीमों ने छावनी के कोरोना केंद्र में उतरने से पहले ही लड़ाई से इंकार कर दिया। इन टीमों ने हाथ खड़े कर स्वास्थ्य विभाग को मुसीबत में डाल दिया है। लिहाजा अब केवल स्वास्थ्य विभाग की ही 40 टीमें लोगों की मदद करेंगी।
आंगनबाड़ी वर्करों ने बीमा की आड़ में खुद खड़े किए हाथ
कोरोना जैसी आपदा के बीच जिन 14 टीमों ने काम करने से इंकार किया वह आंगनवाड़ी वर्करों की थी। प्रत्येक टीम में 3-3 वर्कर थे। इन वर्करों ने यह कहकर कोरोना की लड़ाई लड़ने से इंकार कर दिया की उनका कोई बीमा नहीं करवाया गया। इसलिए वह लड़ाई क्यों लड़ें। इन टीमों द्वारा हाथ खड़े करने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने हौसला नहीं हारी।
1100 घरों को किया टीमों ने कवर
हाई रिस्क जोन में खुद की परवाह किए बिना उतरे स्वास्थ्य विभाग के यौद्धाओं ने अब तक 1100 घरों का डाटा जुटा लिया है। कोरोना केंद्र टिंबर मार्केट में ही यह टीमें तीसरे दिन भी अपनी पूरी लग्न और निष्टा के साथ जुटी रही। उद्देश्य बस अंबाला ओर घर हर को स्वस्थ्य रखना।
चार जमातियों को जिला नागरिक अस्पताल में किया शिफ्ट
जिले में अभी तक कुल पांच कोरोना पॉजिटिव केस हैं क्योंकि छठा सलीम नूर पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती है। इन सभी पांचों को अब जिला नागरिक अस्पताल के आईसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। इससे पहले यहां केवल गुरप्रीत ही था। लेकिन बुधवार को छावनी के चारों पॉजिटिव केस शहर नागरिक अस्पताल में शिफ्ट कर दिए गए।
अभी नहीं थमी दिक्कतें 44 की रिपोर्ट का इंतजार
अभी स्वास्थ्य विभाग की दिक्कतें नहीं थमी हैं। क्योंकि करीब 30 से ज्यादा जमातियों की रिपोर्ट आनी बाकी हैं। 29 के सैंपल मंगलवार को भेजे गए थे जबकि 15 नए सैंपल बुधवार को भेजे गए। अलबत्ता 44 नमूनों की रिपोर्ट का इंतजार है। अंबाला में कुल 90 जमातियों व 25 उनके संपर्क में आए लोगों के सैंपल भेजे गए हैं। कुल 201 सैंपल अभी तक लिए गए हैं। इनमें से 6 पॉजिटिव आए हैं। 5 रिजेक्ट हो चुके हैं।
नागरिक अस्पताल की नर्सों ने सैंपल देने से किया इंकार
जिला नागरिक अस्पताल में आईसोलेशन वार्ड में कार्यरत कुछ नर्सों की हालत खराब है। करीब 5 नर्सों ने ड्यूटी से बचने के लिए सैंपल देने से इंकार कर दिया। लेकिन इस पर स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती दिखाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि इस घड़ी में कोई भी किसी भी तरह से गलत कार्रवाई करेगा तो उसके खिलाफ केस भी दर्ज करवाया जाएगा और नौकरी से भी बर्खास्त करने में देर नहीं की जाएगी।