नारायणगढ़ में गोयल स्वीट शॉप पर फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी प्रीत उर्फ कानिया के साथ अंबाला पुलिस की सीआईए-1 इकाई की मुठभेड़ हुई। यह घटना शंभू बॉर्डर के पास हुई, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। आरोपी को अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि गोयल स्वीट शॉप फायरिंग का मुख्य आरोपी प्रीत उर्फ कानिया शंभू बॉर्डर के पास छिपा हुआ है। सीआईए-1 की टीम ने इलाके में घेराबंदी की और आरोपी को आत्मसमर्पण करने को कहा। पुलिस के मुताबिक प्रीत ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान प्रीत के बाएं पैर में गोली लगी, और उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।
आरोपी की पहचान
आरोपी प्रीत उर्फ कानिया लुधियाना के डूंगरी ढांडर रोड, एसबीएस नगर का निवासी है। वह नारायणगढ़ में 25 मई 2025 को गोयल स्वीट शॉप पर हुई फायरिंग का मुख्य आरोपी है। उस घटना में तीन नकाबपोश बदमाशों ने दुकान के बाहर सात राउंड फायर किए थे, जो दुकान के शीशे पर लगे थे।
गोयल स्वीट शॉप फायरिंग का मामला
बता दें कि बीते 25 मई को नारायणगढ़ बस स्टैंड के पास गोयल स्वीट शॉप पर बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन दुकान के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। दुकान मालिक प्रदीप गोयल की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
ये भी पढ़ें: पालतू कुत्ते ने बच्चे को काटा: गुस्साए परिजनों ने कर दी कुत्ते की हत्या, क्रॉस FIR दर्ज