संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। भाजपा बूथ प्रधान 46 वर्षीय संजय राणा की हत्या मामले में पुलिस ने एक आरोपी को काबू कर लिया। जिसकी पहचान अतुल के रूप में हुई है जबकि इस हत्या मामले में तीन आरोपी गौरव, राहुल व ईशान की गिरफ्तारी अभी बाकी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस विभिन्न ठिकानाें पर दबिश दे रही है।
महेश नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जगदीश ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार कोर्ट में पेश किया जाएगा। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी हत्या की वारदात को अंजाम देने के लिए एक ही बाइक पर गए थे।
नए साल के मौके पर चारों बदमाशों ने संजय राणा पर देर शाम को घर से कुछ दूरी पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया था। हमलावरों ने आरोपियों पर एक के बाद एक 14 वार कर उसे लहूलुहान कर दिया था। अस्पताल लाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इस संबंध में परिजनों ने गृहमंत्री अनिल विज से भी मुलाकात कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी।यह हत्या एक साल पुरानी रंजिश को लेकर की गई थी।