दिवाली की रात दोस्त के साथ स्टेशन के पास पराठे खाने गए युवक पर करीब आधा दर्जन युवकों ने चाकुओं से हमला कर घायल कर दिया। साथ ही युवक की जेब से नकदी लेकर फरार हो गए। सूचना पर घायल को परिजनों ने शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां से उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घायल की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
थाना अंबाला सिटी पुलिस को दी शिकायत में सुमित ने बताया कि वह डेहा बस्ती अंबाला शहर का निवासी है और प्राइवेट काम करता है। दिवाली की रात करीब 10 बजे वह अपने दोस्त मनीष के साथ पराठे खाने के लिए रेलवे स्टेशन पर आया था और वहां पर उसने अपनी एक्टिवा खड़ी की और साइड में अपने दोस्त मनीष के साथ खड़ा हो गया। पास में ही छह लड़के खड़े थे, जिन्होंने नशा किया हुआ था। आरोप है कि उन्होंने सुमित को पकड़ लिया और उसकी जेब से रुपये निकालने लगे। इसी दौरान दोस्त मनीष ने उनको धक्का दिया और वह दोनों वहां से दौड़ गये। मनीष भी उसके आगे-2 दौड़ रहा था और वह पीछे था। जैसे ही वह कांग्रेस भवन के पास पहुंचा तो पीछे आ रहे हमलावरों ने उन्हें पकड़ लिया और चाकुओं से हमला कर उसकी जेब से 12 सौ रुपये निकाल लिए। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।