अंबाला। कानपुर से लापता हुई लड़की को आरपीएफ ने अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक से बरामद किया। यूपी पुलिस ने आरपीएफ को जानकारी दी थी कि युवती के संबंध में कल्याणपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद रेलवे स्टेशन पर सर्च अभियान चलाकर युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। युवती ने प्राथमिक पूछताछ में ड्यूटी अधिकारी कविता को बताया कि वो परिवार की डांट-डपट से नाराज होकर घर निकल गई थी और इसके बाद कानपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन में बैठकर अंबाला पहुंच गई और यहां उसे पुलिस ने पकड़ लिया।
आरपीएफ थाने पर मौजूद यूपी पुलिस से आए उप निरीक्षक घनश्याम लवानिया व अल्का सिंह ने बताया कि युवती के संबंध में 6 सितंबर को अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। इस दौरान युवती के परिजन भी यूपी पुलिस के साथ मौजूद रहे। उन्होंने युवती का मेडिकल करवाने से इन्कार कर दिया, इसके बाद मामले की जानकारी चाइल्ड लाइन प्रभारी रेखा शर्मा को दी गई और उनके निर्देशानुसार युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।