अंबाला। पीएंडटी कॉलोनी स्थित कैंटोनमेंट बोर्ड प्राइमरी स्कूल 50 वर्ष से भी अधिक पुराना है। वहीं बोर्ड की तरफ से स्कूल को दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया जा रहा है। इस कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उक्त जानकारी कैंटोनमेंट बोर्ड पहुंचे दूधला मंडी, गुलाब मंडी व हिम्मत पुरा से आए बच्चों के अभिभावकों ने दी। इस संबंध में एक ज्ञापन कैंटोनमेंट बोर्ड के मुख्य अधिशासी अधिकारी (सीईओ) को सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से अभिभावकों ने बताया कि अधिकांश लोग मजदूर वर्ग से संबंध रखते हैं ओर दिहाड़ी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष सुरेंद्र तिवारी, सोहनलाल प्रधान, अशोक ठाकुर व राजेश कुमार ने सीईओ से आग्रह किया कि स्कूल को बंद करने का नोटिस सात अप्रैल तक के लिए रोका जाए क्योंकि गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज किसी जरूरी कार्य की वजह से बाहर हैं।
सीईओ ने लोगों के इस आग्रह को मानते हुए उक्त आदेश पर सात अप्रैल तक रोक लगा दी। उन्होंने अधिकारियों को प्रभाव से निर्देश दिए कि किसी संभावित जगह का चयन करें, जहां यह स्कूल शिफ्ट किया जा सके। यह स्कूल 50 साल से जिस जगह पर चल रहा है, वह जगह पोस्टल विभाग की है और यह इमारत काफी जर्जर हालत में है जोकि कभी भी गिर सकती है। इससे जान-माल का नुकसान होने की आशंका बनी हुई है। इस मौके पर रानी, तारा, अनु, मंजू, सीमा देवी, मंजू, सुनीता, यशोदा, संगीता, ललिता, कविता, रेखा, पूनम, रेखा, संगीता, निर्मला आदि मौजूद रहे।
कुछ लोग उनसे मिले थे। उन्होंने एक ज्ञापन सौंपा है कि पीएंडटी कॉलोनी स्थति स्कूल को शिफ्ट न किया जाए। यह स्कूल काफी पुराना है जोकि पूरी तरह से कंडम हो चुका है। यहां बच्चों को पढ़ाई करवाना असंभव है। अगर रेलवे या सेना जगह उपलब्ध करवा देती है तो स्कूल का यहीं निर्माण करवा दिया जाएगा। अन्यथा स्कूल को लालकुर्ती स्थति बीआई बाजार के स्कूल में शिफ्ट किया जाएगा।
-विनिल लोटे, मुख्य अधिशासी अधिकारी, कैंट बोर्ड।