राष्ट्रीय राजमार्ग 344 पंचकूला यमुनानगर मार्ग पर स्थित कड़ासन बस स्टैंड पर सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार लगभग 60 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई और मृतक का बेटा घायल हो गया। वाहन चालक मौके पर अपना वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपकर कार्यवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कड़ासन निवासी राहुल सैनी ने शहजादपुर पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि गुरुवार सुबह लगभग सवा दस बजे के करीब शहजादपुर की तरफ से एक निजी बस कड़ासन बस स्टैंड पर आकर रुकी उसी समय पीछे से एक मोटरसाइकिल आया जिसे बेरखेड़ी निवासी संदीप चला रहा था और पीछे उसका पिता रमाकांत बैठा हुआ था,जोकि हमारे ही गांव की अनाज मंडी में आढ़ती के पास मुनीम लगा हुआ है। बस को ओवरटेक करने लगे तो पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनके मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। जिस कारण मोटरसाइकिल चला रहा संदीप उछलकर साइड मे गिर गया। रमाकांत मोटरसाइकिल सहित बस व कर के बीच मे फंस गया। शिकायत में बताया कि कार चालक बस में टक्कर मारते हुए आगे निकल गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि दुर्घटना में लगी चोटों के कारण रमाकांत की मौके पर ही मौत हो गई और संदीप घायल हो गया। कार चालक अपनी कार मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची शहजादपुर पुलिस ने वाहनों को अपने कब्जे में लेकर कारवाई शुरू कर दी है।