नागरिक अस्पताल इमरजेंसी वार्ड में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर अनदेखी और लापरवाही के आरोप लगाए हैं। सुरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि वह अपनी मां को इलाज के लिए दोपहर करीब डेढ़ बजे इमरजेंसी में लेकर आया था। यहां डॉक्टर ने मां का हाल पूछकर उन्हें ईसीजी करवाने के लिए कह दिया। जब वह मां का ईसीजी करवा कर आया तब तक दूसरे डॉक्टर ड्यूटी पर आ गए थे। सुरेंद्र ने बताया कि जब उसने डॉक्टर को मां को देखने व उचित दवाई देने के लिए कहा तो डॉक्टर ने कोई जवाब ही नहीं दिया। करीब 1 घंटे तक वह और उसकी मां इंतजार करते रहे और उसके बाद अचानक उनकी मां की मौत हो गई। सुरेंद्र ने कहा कि डाक्टर की अनदेखी और लापरवाही की वजह से उसकी माता की तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। उधर, पीएमओ संजीव ग्रोवर ने कहा कि उनके संज्ञान में मामला आया है। इसकी जांच के लिए टीम गठित कर दी है। कमेटी जांच के बाद अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।