नग्गल। जलबेड़ा रोड और आसपास की कॉलोनियों की बिजली समस्या के समाधान के लिए बिजली विभाग के अधिकारी रात पर फॉल्ट ढूंढते रहे।
बुधवार को हरियाणा विद्युत निगम के अधीक्षक अभियंता आरके शर्मा, कार्यकारी अभियंता समेत अन्य अधिकारियों ने इन क्षेत्रों का दौरा किया और लोगों की समस्याएं सुनीं। मंगलवार देर रात तक अधिकारियों ने समस्याओं की मूल जानकारी प्राप्त करके उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
अधीक्षक अभियंता ने बताया कि जलबेड़ा रोड पर 200 केवी ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड होने के कारण बार-बार ट्रिपिंग की समस्या पेश आ रही है। उन्होंने कहा कि इस ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर 300 की जाएगी और उसके बाद इस तरह की कोई समस्या नहीं रहेगी।
इसी प्रकार दुर्गा नगर क्षेत्र में स्थित दो ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के लिए आदेश दिए ताकि लोगों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध हो सके। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ सेक्टर 8, 9 और 10 का दौरा भी किया और वहां की समस्याओं की जानकारी हासिल की। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि वे निगम का सहयोग करें और जिन लोगों के घरों का बिजली का लोड एसी और अन्य उपकरण लगने के कारण बढ़ गया है, उसकी सूचना निगम को अवश्य दें ताकि उसके मुताबिक ट्रांसफार्मरों की क्षमता में बढ़ोतरी की जा सके।