अंबाला छावनी में मिल के पीछे जाने वाले रास्ते पर रखे सामान का चालान करते नप के अधिकारी। संवाद
अंबाला। नगर परिषद ने रेत-बजरी डालकर सरकारी जमीन पर कब्जा करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। ये कार्रवाई सोमवार शाम को रोटरी अस्पताल के नजदीक मिल के पीछे जाने वाले रास्ते पर रखे सामान को लेकर की गई है। इस दौरान नगर परिषद ने सामान सहित तीन ट्रैक्टर-ट्रालियों को भी जब्त किया है, वहीं अब संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवाने की शिकायत भी दे दी गई है।
रोटरी अस्पताल से हाथीखाना मंदिर की तरफ जाने वाले रास्ते पर सरकारी जगह खाली पड़ी हुई है। इस जगह पर कुछ लोगों ने रेत, बजरी, गटका व अन्य सामान डालकर कब्जा करना शुरु कर दिया था। बाहर से सामान लाकर यहां डंप किया जा रहा था और यहीं से यह सामान कॉलोनियों आदि में भेजा जा रहा था। इसी प्रकार हाथीखाना मंदिर के सामने भी नन्हेड़ा की तरफ जाने वाले पुल के नजदीक भी सरकारी जमीन पर रेत व बजरी डालकर कब्जा किया गया था। जब नगर परिषद के पास यह शिकायत पहुंची और उन्होंने मौके पर पहुंचकर जांच की तो मामले का पता चला।
सरकारी जमीन पर कब्जा करके रेत, बजरी सहित अन्य सामान रखा जा रहा था। मौके पर पहुंचकर जब जांच की गई और संबंधित व्यक्ति से दस्तावेज मांगे गए तो वो कोई भी पेपर नहीं दिखा पाया। मौके पर कार्रवाई करते हुए संबंधित एजेंसी का 10 हजार रुपये का चालान किया गया है और ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित सामान भी जब्त किया गया है।
देवेंद्र नरवाल, कार्यकारी अधिकारी,नप सदर, अंबाला।