अंबाला सिटी। नगर निगम मेयर सैलजा सचदेवा ने खुद सर्वे कराकर अधिकारियों को हकीकत से कराया। इस दौरान कई नालों में सफाई तो मिली, मगर संतोषजनक नहीं। इसके लिए मेयर ने अधिकारियों को बरसाती सीजन शुरू होने से पहले सफाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। मेयर ने जल निकासी में रुकावट करने वाले कई स्थानों को चिह्नित किया है।
इन मुख्य रुकावट वाले स्थानों को चिह्नित करने के बाद मेयर शैलजा सचदेवा ने डीसी, नगर निगम आयुक्त और रेल विभाग के मंडल रेल प्रबंधक को पत्र लिखकर इन स्थानों के बारे में अवगत कराया। साथ ही साथ मेयर ने इन सभी 13 स्थानों में पानी के रुकावट के कारणों को विस्तृत तौर पर तीनों अधिकारियों को बताया है।
कपड़ा मार्केट इलाके पर जताई चिंता
यहां रेलवे अंडर ब्रिज का निर्माण होने के बाद कपड़ा मार्केट का नाला बंद कर दिया था। इस कारण पिछले तीन-चार वर्षो से वहां जलभराव होता है और कपड़ा व्यापारियों की दुकानों में जलभराव हो जाता है। इसी तरह जगाधरी गेट, फ्रेंड्स कॉलोनी, नाहन हाउस और रामपुरा मोहल्ला इलाकों का ओवरफ्लो पानी महावीर पार्क के तालाब में जाता है। इन इलाकों को बरसाती मौसम में डूबने से बचाने के लिए महावीर पार्क के तालाब के जलस्तर को 7 से 8 फीट तक नीचा किया जाना चाहिए।
सेक्टर-9 में टीपीएस का काम अधूरा
शहर के सेक्टर-9 में टीपीएस-5 तक बरसाती पानी के लेकर पाइप डालने का काम चल रहा था। यह काम अभी अधूरा है। सेक्टर-9 के केवल एक हिस्से में ही पाइप पूरी तरह से डल पाए हैं। इसी तरह दो खंभा चौक से लेकर मंजी साहिब गुरुद्वारा तक, बलदेव नगर के सड़क किनारे स्थित नालों की और सिंघावाला से जो नाला शहर के बरसाती पानी को बाहर लेकर जाता है, उसकी सफाई जल्द की जानी चाहिए। वहीं, मेयर ने डीसी और डीआरएम को पत्र लिखकर कहा है कि रेलवे लाइन बनने के बाद नीचे की पुलियों में मलबा छोड़ दिया है। इस कारण शहर में जलभराव की समस्या और विकराल हो जाती है। इन पुलियों को साफ करने के लिए रेलवे को तुरंत कार्रवाई की जाए।
यहां है पानी निकासी की दिक्कत
-कपड़ा मार्केट क्षेत्र : रेलवे अंडरब्रिज के निर्माण के चलते पूर्व में जो नाला बंद किया गया था। उसकी जगह अब तक कोई वैकल्पिक नाला नहीं बनाया। इससे जल निकासी बाधित है और भारी जलभराव की आंशका रहती है।
-वाटिका सिटी सेंटर के पीछे मॉडल टाउन से सिंचाई विभाग की ट्रेन तक : यहां दो बैटलनेक बनी है, जो जल प्रवाह को अवरुद्ध कर रहा है। अब तक इस दिशा में कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।
-ओल्ड हिसार रोड मानव चौक पुलिया के पास : पुलिया के नीचे जल निकासी अधूरी है। इससे शक्ति नगर, सेक्टर-7 और सेक्टर-8 इलाकों में डूबने की स्थिति रहती है।
-सेंट्रल जेल से नगर निगम जगाधरी गेट तक : दोनों तरफ के नालों की अभी तक सफाई नहीं हुई है, जिससे वर्षा के दौरान जलभराव निश्चित है।
-जंडली पुल से इंको ड्रेन तक : इस खंड में भी दोनों ओर के नाले अभी साफ नहीं किए हैं।
-सेक्टर 8 : यहां नाले की दीवारों को ऊंचा करने का काम अभी तक ठेकेदार की ओर से शुरू नहीं किया है।
-सेक्टर-7 : यहां से गुजरने वाली सेशन ड्रेन की सफाई अब तक नहीं की गई है। इससे क्षेत्र में जलभराव की संभावना है।
-महावीर पार्क तालाब : तालाब में इस समय पानी का स्तर अत्यधिक है, जिसे कम से कम 7-8 फीट नीचे करना अत्यंत आवश्यक है। कार्य को शीघ्रता से पूर्ण किया जाए।