कुरुक्षेत्र के सांसद एवं ओबीसी ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार सैनी ने चेतावनी दी है कि यदि केंद्र सरकार ने किसी वर्ग विशेष के दबाव में आकर पिछड़ा वर्ग को मिले 27 प्रतिशत आरक्षण से छेड़छाड़ की तो समाज बगावत कर देगा। बगावत को फिर राजकुमार सैनी भी रोक नहीं पाएगा। सैनी वीरवार को सिटी के सेक्टर सात में युवा ओबीसी ब्रिगेड के अंबाला के सदस्य संजय लाकड़ा और उनके साथियों द्वारा आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे।समारोह में सांसद राज कुमार सैनी यह कहने से भी नहीं चूके कि आज भारत का नेतृत्व जिन मजबूत हाथों में है, उससे पूरे विश्व में भारत की तूती बोल रही है। साथ ही कहा कि इन मजबूत हाथों से उन्हें पूरी आशा है कि पिछड़ों के हक से छेड़छाड़ नहीं होगी। आरक्षण पर सबको एकजुट होना पड़ेगा और उनसे जुड़ना होगा। वो चाहते हैं कि आरक्षण 5 लाख रुपये सालाना से कम कमाने वाले लोगों को मिले। जो लोग एक बार आरक्षण का लाभ ले चुके हैं उन्हें आजीवन दोबारा लाभ नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिनके हाथ में हमेशा सत्ता रही, जिनके पास अच्छा लैंड बैंक है, व्यापार है, उन्हें आरक्षण की क्या जरूरत है। हाल ही में जाट समाज द्वारा राजकुमार सैनी को बैन करने की मांग को लेकर सैनी बोले कि इस तरह की चेतावनियां उन्हें पहले भी मिल चुकी हैं। आज देश में ब्रिटिश इंडिया कंपनी का शासन नहीं है जो मुझे कोई चेतावनी दे। मैं किसी को ताकत दिखाने या उलझने का काम नहीं करता मैं तो आरक्षण को लेकर आवाज उठा रहा हूं। उन्होंने समर्थन देने के लिए एक मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक किया। इस मौके पर संजय लाकड़ा, भूपेंद्र सैनी, सुरेंद्र सचदेवा, नवदीव डांग, हितेंद्र चौधरी सहित अनेक व्यक्ति मौजूद रहे।