चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मी पर ट्रक चढ़ाने की कोशिश करने वाले चालक योगेश को अदालत ने तीन साल की सजा सुनाई है। कोर्ट ने आरोपी पर दस हजार रुपए जुर्माना भी लगाया है। पुलिस नारायणगढ़ के अंबली में दिसंबर 2014 को माइनिंग को लेकर आवाजाही करने वाले ट्रकों को रोककर चेक कर रही थी। लेकिन उस दौरान सामने से एक तेज गति से ट्रक नारायणगढ़ से साढ़ौरा की तरफ जा रहा था। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी कर्णपाल ने ट्रक को टॉर्च दिखाकर रोकने की कोशिश की। लेकिन ट्रक चालक ने ट्रक नहीं रोका और पुलिसकर्मी पर चढ़ाने की कोशिश करते हुए ट्रक को निकाल लिया। लेकिन ट्रक आगे जाकर गड्ढ़े में धंस गया। हादसे में ट्रक की टक्कर लगने से घायल कर्णपाल को नारायणगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक योगेश को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया था।