अंबाला। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए अंबाला रेल मंडल द्वारा ट्रेनों एवं स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा हेतु पीने के स्वच्छ पानी की सुगम व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य रेल यात्रियों की यात्रा को सुगम ओर आरामदायक बनाना है।
यह जानकारी अंबाला मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक नवीन कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि इसकी निरंतर निगरानी मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से नियमित रूप से स्वयं की जा रही है। इस अभियान के तहत मंडल के विभिन्न स्टेशनों जैसे कि अंबाला छावनी, सहारनपुर, बठिंडा, सरहिंद, चंडीगढ़, राजपुरा, यमुनानगर-जगाधरी स्टेशनों पर सामान्य कोच के सामने प्लेटफॉर्म के दोनों तरफ पानी की व्यवस्था सुदृढ़ की जा रही है।
साथ ही कई एनजीओ को भी राजपुरा, नाभा, गिद्दरबाहा, यमुनानगर-जगाधरी, पटियाला, धूरी, अहमदगढ़ और आनंदपुर साहिब सहित अन्य स्टेशनों पर निशुल्क पानी की सेवा देने की अनुमति दी गई है। मंडल एनएसजी-2, 3, 4 और 5 स्टेशनों पर पर्याप्त वाटर कूलरों की भी व्यवस्था की गई है ताकि यात्रियों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर वाटर वेंडिंग मशीनों को भी प्लेटफॉर्म के दोनों छोर पर स्थापित किया गया है। इससे यात्री अपने पीने के पानी की बोतलें एवं अन्य साधनों को स्वयं भी भर सकते हैं।
यात्रियों की बढ़ती हुई संख्या को देखते हुए प्रमुख स्टेशनों पर स्काउट्स एवं गाइड्स एवं स्वयं सहायता समूहों को भी पेयजल वितरण की जिम्मेदारी दी गई है। ट्रेनों के कोचों में भी निरंतर पानी के उपलब्धता की के लिए ओबीएचएस स्टाफ को जरूरी निर्देश दिए गए हैं और इसकी निरंतर निगरानी स्वयं अधिकारियों एवं कंट्रोल रूम द्वारा की जा रही है। इसके साथ ही ट्रेनों के शौचालयों में पानी की उपलब्धता एवं प्रेशर की जांच के लिए, फिलिंग स्टेशनों एवं संबंधित विभाग को निर्देशित कर दिया गया है। उत्तर रेलवे का अंबाला मंडल निरंतर अपने प्रयासों के माध्यम से यात्रियों को उनके सुगम एवं सुविधात्मक आवागमन के लिए प्रयासरत है।