अंबाला। प्रदेश के पहले अंबाला छावनी रामपुर के राजकीय होम्योपैथिक अस्पताल में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड मशीनों के पहुंचने से पहले फिर आचार संहिता का अडंगा डल गया है। अभी इन अस्पताल में अलग-अलग शहरों से पहुंचने वाले मरीजों को इन सुविधाओं के लिए इंतजार करना होगा। हालांकि विभाग की तरफ से फिलहाल इस अस्पताल में केवल ओपीडी व टेस्टिंग की सुविधा दी जा रही है। इन मशीनों व डॉक्टरों व नर्सिंग ऑफिसर के आने पर 25 बेड की सुविधा को भी शुरू किया जाएगा। दरअसल, यह अस्पताल रामपुर गांव में 60 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया था। हालांकि चंदपुरा में नई बिल्डिंग का निर्माण पूरा होने के बाद वहां शिफ्ट कर दिया जाएगा।
अस्पताल में यह मिलनी है सुविधाएं
होम्योपैथिक अस्पताल में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड के अलावा लेबर रूम की सुविधा भी दी जाएगी, जिससे कि आपातकालीन स्थिति में गर्भवती के प्रसव पीड़ा उठती है तो उसे तुरंत अस्पताल में लाया जा सके और उसकी डिलीवरी की जा सके। दरअसल, छावनी के चंदपुरा में 65 करोड़ रुपये की लागत से होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज बनने जा रहा है। मेडिकल कॉलेज बनने के बाद रामपुर गांव के शुरू हुए इस अस्पताल को भी वहां शिफ्ट कर दिया जाएगा और पूरा अस्पताल 25 से बढ़कर 100 बेड का हो जाएगा। दरअसल, किसी भी मेडिकल कॉलेज को क्रियांवित करने से पहले और विद्यार्थियों को एडमिशन देने से पहले अस्पताल को दो साल पहले चलना जरूरी होता हैं। चंदपुरा में बनने वाले मेडिकल कॉलेज बनने के पहले ही दिन दाखिला हो सके। इसलिए यह रामपुर सरसेहड़ी के सामुदायिक भवन में चलाया जा रहा है।
राजकीय होम्योपैथिक अस्पताल के रिक्त पदों के लिए मुख्यालय से पत्राचार किया जा रहा है। उम्मीद है कि आचार संहिता के बाद स्टाफ मिल जाएगा। साथ ही एक्स-रे सहित अन्य मशीनों को भी जल्द ही उपलब्ध करवाया जाएगा।
डॉ. शशिकांत, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी, अंबाला।
-