कोट फत्तेह-मैसर खाना स्टेशनों के बीच होने वाला पावर ब्लॉक किया स्थगित
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। दिल्ली मंडल के अंतर्गत कोट फत्तेह-मैसर खाना स्टेशनों के बीच होने वाला रेल कार्य तकनीकी कारणों से टाल दिया गया है। इसके चलते रेलवे ने उन सभी ट्रेनों को फिर से उनके पुराने और निर्धारित मार्ग पर बहाल कर दिया है, जिन्हें पहले डायवर्ट करने का निर्णय लिया गया था।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि दिल्ली मंडल के पुल संख्या 345-ए पर आरसीसी स्लैब डालने के लिए पावर और ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाना था। इसके लिए 23 जनवरी को विज्ञप्ति जारी कर ट्रेनों के मार्ग परिवर्तन की सूचना दी गई थी, हालांकि अब इस ब्लॉक को आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।
ये ट्रेनें अब अपने पुराने मार्ग पर चलेंगी
ब्लॉक स्थगित होने के बाद ट्रेनें अब धूरी जंक्शन के बजाय अपने पुराने मार्ग जाखल-मानसा-बठिंडा से होकर गुजरेंगी। इसमें ट्रेन संख्या 20410 बठिंडा-दिल्ली कैंट 15 मार्च को पुराने मार्ग से चलेगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 15744 बठिंडा-बालुरघाट, 14028 फिरोजपुर कैंट-जींद जं., 15743 बालुरघाट-बठिंडा और ट्रेन नंबर 20409 दिल्ली कैंट-बठिंडा पुराने मार्ग से चलेंगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ट्रेनों का संचालन अब पूरी तरह सामान्य रहेगा। अधिक जानकारी के लिए यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।