छावनी नागरिक अस्पताल में एक दिन के नवजात को फिनाइल की गोली खिलाने के बाद भले ही हालत में सुधार हो गया हो लेकिन अभी भी तीन दिन ओर नवजात दिनरात डाक्टरों की विशेष निगरानी में रहेगा। फिनाइल की गोली फंसने के बाद बिगड़ी तबीयत के कारण नवजात में निमोनिया होने के साथ-साथ दौरे पड़ने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में डाक्टरों ने जहां शुक्रवार को नवजात के सीआरपी, सीबीसी व बल्ड कल्चर के टेस्ट करवाए। साथ ही छाती का एक्स-रे भी करवाया। कुछ टेस्ट व एक्स-रे तो नार्मल आए है लेकिन अब बच्चों के विशेषज्ञ डॉ. विनीत आनंद को ब्लड कल्चर रिपोर्ट का इंतजार है जो तीन दिन बाद आएगी।
इस टेस्ट के जरिए पता चलता है कि नवजात के खून में वैक्टीरिया तो नहीं बन रहे। ताकि समय रहते स्थिति को संभाला जा सके। उधर, नवजात की मां डेहा कॉलोनी निवासी राधा को नार्मल डिलीवरी होने के कारण प्रसूति वार्ड से तो छुट्टी मिल गई लेकिन अब उसे तीन दिन एनबीएसयू यानी नवजात शिशु देखरेख विभाग में दाखिल कर लिया। जबकि फिनाइल की गोली खिलाने वाली महिला का सबूत जुटाने के लिए परिजन अब अस्पताल के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी जांच करेंगे ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके कि महिला ने कब और कैसे फिनाइल की गोली खिलाई। बता दें कि 10 फरवरी को प्रसव पीड़ा उठने के बाद दाखिल हुई राधा के बाद तीन बेटियों के बाद कहीं जाकर लड़का हुआ था। 11 फरवरी को ही नवजात को किसी ने फिनाइल की गोली खिला दी। मामला पुलिस तक पहुंचा तो नवजात की मां ने परिवार की ही एक महिला पर रंजिशन गोली खिलाने के आरोप लगाए।