नारायणगढ़ / शहजादपुर। स्कूली बच्चों को शुगर मिल से संबंधित जानकारी देने के उद्देश्य से एसडीएम यश जालुका ने एक नई मुहिम शुरू की। इसके अंतर्गत उपमंडल के स्कूलों के बच्चे शुगर मिल का भ्रमण करेंगे, वहां पर किस प्रकार से कार्य होता है।
गन्ने से कैसे चीनी बनाई जाती है, के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। इस संबंध में एसडीएम ने खंड व शहजादपुर के खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने खंड के स्कूलों से कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों को शुगर मिल में लेकर जाएं और इस संबंध में एक सूची व समय सारिणी भी तैयार करें ताकि उन्हें प्रतिदिन ले जाकर शुगर मिल से संबंधित सामान्य ज्ञान दिलवाया जा सके।
एसडीएम ने कहा कि नारायणगढ़ क्षेत्र एक ग्रामीण अंचल का कृषि प्रधान क्षेत्र है। बच्चों को यह जानकारी देकर कि किस तरह हमारा क्षेत्र अपनी आर्थिक व्यवस्था को चलाता है। खेतों में गन्ने बुवाई को तो बच्चों ने काफी करीब से देखा है, किंतु उसी गन्ने से चीनी उत्पादन कैसे होता है। इस मुहिम के दौरान बच्चों को चीनी उत्पादन प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक तकनीकी जानकारी दी जाएगी और बच्चों को शुगर मिल की प्रक्रिया को गहनता से जानने का अवसर मिलेगा।