संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल में अब जियो फेंसिंग के जरिए कर्मचारियों और अधिकारियों की हाजिरी लगाई जाएगी। फिलहाल यह ट्रायल के आधार पर अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल और चौड़मस्तपुर में शुरू किया गया है। निदेशालय के एसीएस के निर्देशों पर यह कार्रवाई हुई है। योजना से कर्मियों पर नजर रखी जाएगी कि वे अपनी ड्यूटी के दौरान अस्पताल परिसर में हैं या नहीं।
विभाग ने इसके लिए एक एनएचएम नामक एप्लीकेशन जारी की है। इसके माध्यम से ही स्वास्थ्य कर्मी और अधिकारी अपनी हाजरी लगा रहे हैं। एप के जरिए कर्मचारी या अधिकारी की लोकेशन के साथ-साथ किस समय वह कहां थे यह पता लग सकता है। विभाग की ओर से ये ट्रायल एक से 10 अप्रैल तक किया गया। फिलहाल नागरिक अस्पताल अंबाला शहर और चौड़मस्तपुर में चला यह ट्रायल सफल रहा है। अब विभाग अन्य सरकारी अस्पतालों, पीएचसी और सीएचसी में भी शुरू करेंगे। अस्पताल और सीएचसी चौड़मस्तपुर में कुल 515 कर्मचारी और अधिकारी हैं।
निदेशालय के निर्देशों पर एप के माध्यम से जियो फेंसिंग हाजिरी का ट्रायल शुरू किया गया था। ये ट्रायल पूरी तरह से सफल रहा। आदेशाें के आधार पर अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में भी इसे लागू किया जाएगा। - डॉ. संगीता गोयल, पीएमओ, अंबाला शहर नागरिक अस्पताल