हरिंदर पाल सिंह
अंबाला। 17 दुकानों के बाद 23 दुकानदारों को अब मालिकाना हक मिलेगा। इन दुकानों की सोमवार को कैंट तहसील में रजिस्ट्री होगी। रजिस्ट्री को लेकर नगर परिषद ने जरूरी दस्तावेज तैयार कर लिए। इसके लिए दुकानदारों के आधार कार्ड और दुकान की पूरी जानकारी को ऑनलाइन किया गया है। वहीं रजिस्ट्री से पहले नगर परिषद ने ऑडिट भी करवाया है। रजिस्ट्री का कार्य उन दुकानदारों का करवाया जा रहा है, जिन्होंने दुकानों से संबंधित पूरी पेमेंट नप के खाते में जमा करवा दी है।
सोमवार के बाद 48 दुकानों के मालिक कानूनी तौर पर दुकानदार होंगे। इसके बाद 107 अन्य दुकानदारों का नंबर आएगा। इसमें गांधी मार्केट, बिहाइंड राय मार्केट सहित अन्य कुछ मार्केट के दुकानें शामिल होंगी। दुकानों की पैमाइश से लेकर दुकानदार के साथ फोटो और अन्य दस्तावेज संलग्न किए गए हैं। इन पर क्लर्क से लेकर कार्यकारी अधिकारी व एसडीएम के हस्ताक्षर हो चुके हैं। अब पेमेंट से संबंधित फाइनल नोटिस जारी किया जाना है।
40 हजार रुपये गज का रेट
सदर क्षेत्र में रजिस्ट्री का रेट 40 हजार रुपये प्रतिगज निर्धारित किया गया है। वहीं दुकानों की पैमाइश के हिसाब से जगह 11.66 गज के करीब है। इस हिसाब से चार लाख 70 हजार रुपये की पेमेंट बनेगी। इसमें दुकान के निर्माण को लेकर 1.20 लाख रुपये की राशि भी जोड़ी जाएगी। वहीं रजिस्ट्री करवाने का खर्च भी 30 से 35 हजार रुपये के बीच है।
800 दुकानों के आए आवेदन
छावनी के अलग-अलग बाजारों में स्थित 800 दुकानों के आवेदन सरकार की स्वामित्व योजना के तहत प्राप्त हुए हैं। इसमें तहबाजारी के भी मामले हैं। इन दुकानों को लेकर नगर परिषद के अधिकारी पूरी निष्ठा व लग्न से कार्रवाई में जुटे हुए हैं।
23 दुकानों की रजिस्ट्री के दस्तावेज तैयार हो गए हैं जोकि सोमवार को करवा दी जाएगी। इसके अलावा 107 दुकानों का कार्य भी अंतिम चरण में है। इसकी पेमेंट की जानकारी जल्द ही दुकानदारों को नोटिस के माध्यम से दे दी जाएगी। पेमेंट जमा करवाने वाले दुकानदारों की रजिस्ट्री भी साथ के साथ करवा दी जाएगी।
-जरनैल सिंह, कार्यकारी अधिकारी, नप सदर।